झारखंड का यह इंजीनियरिंग कॉलेज विदेशों तक मशहूर, टॉप 2% वैज्ञानिकों की लिस्ट में यहां के प्रोफेसरों का नाम शुमार
झारखंड का नामी संस्थान नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी NIT जमशेदपुर की पहचान सिर्फ बेहतर शिक्षा और शानदार प्लेसमेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि रिसर्च के क्षेत्र में भी इसकी उपलब्धियों की चर्चा देश विदेशों तक हो रही है.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड का एक ऐसा इंजीनियरिंग संस्थान, जिसकी पहचान सिर्फ बेहतर शिक्षा और शानदार प्लेसमेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि रिसर्च के क्षेत्र में भी इसकी उपलब्धियों की चर्चा देश विदेशों तक हो रही है. हम बात कर रहे हैं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी NIT जमशेदपुर की. दरअसल हालही में संस्थान के आठ प्रोफेसरों को दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में जगह मिली है. यह उपलब्धि न केवल NIT जमशेदपुर, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है.

दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में NIT जमशेदपुर के आठ प्रोफेसर शामिल
NIT जमशेदपुर के जिन आठ प्रोफेसरों को दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है, उनमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. संजय और प्रो. सतीश कुमार, रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. बलराम अंबाडे, गणित विभाग के डॉ. सुनील कुमार, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. सुरजीत कुंडू और डॉ. अजय कुमार तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. वीरप्रताप मीणा और डॉ. सूर्य प्रकाश शामिल हैं. इन वैज्ञानिकों का रिसर्च गणितीय मॉडलिंग, डेटा विश्लेषण, पदार्थ विज्ञान, थर्मल इंजीनियरिंग और रासायनिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में फैला हुआ है. इन क्षेत्रों में शोध और नवाचार के जरिए वैज्ञानिक ज्ञान को आगे बढ़ाने में उनका योगदान रहा है.

ऐसे में जिस संस्थान के प्रोफेसरों का नाम शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में शामिल है, उस सस्थान की शिक्षा व्यवस्था भी बेहतर से बेहतरीन होगी. ऐसे में आईए जानते हैं NIT जमशेदपुर के बारे में जिसे झारखंड सहित देश के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थान में गिना जाता है.
NIT जमशेदपुर की पहचान केवल शोध तक सीमित नहीं है. यह झारखंड के प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों में शामिल है और अपने कैंपस प्लेसमेंट के लिए भी जाना जाता है. संस्थान को इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इम्पॉर्टेंस का दर्जा प्राप्त है. बेहतर शैक्षणिक माहौल, अनुभवी फैकल्टी और तकनीकी शिक्षा के कारण यहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने का लक्ष्य रखते हैं. ऐसे में यह संस्थान Google, Microsoft, Amazon, Cisco, Flipkart, Deloitte और EXL जैसी कंपनियां में विद्यार्थियों को प्लेसमेंट के अवसर देती हैं. इससे विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ देश-विदेश की कंपनियों में करियर बनाने का मौका मिलता है.

JEE Main से BTech में मिलता है एडमिशन
NIT जमशेदपुर में बीटेक (BTech) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को JEE Main परीक्षा पास करनी होती है. इसके बाद ऑल इंडिया रैंक के आधार पर JoSAA काउंसलिंग के माध्यम से सीट आवंटित की जाती है. वहीं, MTech पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए GATE स्कोर का इस्तेमाल किया जाता है. PhD में प्रवेश के लिए संस्थान की निर्धारित चयन प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा और इंटरव्यू आयोजित किए जा सकते हैं.

फीस की बात करें तो बीटेक की ट्यूशन फीस लगभग 2.5 लाख रुपये बताई गई है, जबकि एमटेक की फीस लगभग 35 हजार रुपये प्रति सेमेस्टर बताई गई है. हालांकि, वास्तविक फीस पाठ्यक्रम, श्रेणी, सेमेस्टर और अन्य शुल्क के आधार पर अलग-अलग हो सकती है. प्रवेश और फीस से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए विद्यार्थी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट nitjsr.ac.in देख सकते हैं.