भारत में जल्द दिखेंगे चमकदार प्लास्टिक नोट, RBI कर रहा तैयारी
भारत में जल्द ही पॉलिमर यानी प्लास्टिक नोटों की शुरुआत हो सकती है. RBI की बैठकों में इन नोटों की व्यवहारिकता, सुरक्षा और टिकाऊपन को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
भारत में जल्द ही पॉलिमर यानी प्लास्टिक नोटों की शुरुआत हो सकती है. RBI की बैठकों में इन नोटों की व्यवहारिकता, सुरक्षा और टिकाऊपन को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
TNP DESK: भारत में जल्द ही प्लास्टिक यानी पॉलिमर नोटों का दौर शुरू हो सकता है. हाल के दिनों में ऐसी चर्चाएं तेज हो गई हैं कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) देश में पॉलिमर बेस्ड नोट लाने की तैयारी कर रहा है. आरबीआई की हालिया बोर्ड बैठकों में इस प्रस्ताव पर गंभीरता से चर्चा हुई है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में इन नोटों को लेकर पायलट प्रोजेक्ट भी शुरू किया जा सकता है.
पटना और मुंबई में हुई RBI की बैठकों में पॉलिमर नोटों के फायदे और उनकी व्यवहारिकता पर विचार किया गया. विशेषज्ञों का मानना है कि ये नोट मौजूदा कागजी नोटों की तुलना में ज्यादा टिकाऊ होंगे. सामान्य नोट जल्दी फट जाते हैं या खराब हो जाते हैं, जबकि पॉलिमर नोट लंबे समय तक सुरक्षित रह सकते हैं. यही वजह है कि कई देशों में पहले से ही प्लास्टिक नोटों का इस्तेमाल हो रहा है.
इन नोटों का एक बड़ा फायदा लागत से भी जुड़ा है. शुरुआती उत्पादन खर्च अधिक हो सकता है, लेकिन लंबे समय तक चलने के कारण इन्हें बार-बार बदलने की जरूरत कम पड़ेगी. इससे कुल खर्च में कमी आने की संभावना है. इसके अलावा, पॉलिमर नोट नकली नोटों पर रोक लगाने में भी मददगार माने जाते हैं, क्योंकि इनमें सुरक्षा फीचर्स बेहतर तरीके से जोड़े जा सकते हैं.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत की एटीएम मशीनें पॉलिमर नोटों के अनुकूल बनाई जा सकती हैं और इसके लिए जरूरी संसाधन RBI के पास उपलब्ध हैं. अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो आने वाले समय में भारतीयों के हाथों में नए तरह के चमकदार और ज्यादा सुरक्षित प्लास्टिक नोट दिखाई दे सकते हैं.