Jio IPO को लेकर इन्वेस्टर में जबरदस्त उत्साह, 4 घंटे में 1.66 गुना हुआ सब्सक्राइब
Jio प्लेटफॉर्म्स के IPO को लेकर शेयर बाजार में इन्वेस्टर का उत्साह देखने को मिल रहा है. बुधवार, को IPO खुलने के महज चार घंटे के भीतर इसे तय शेयरों के मुकाबले 1.66 गुना आवेदन मिल चुके थे. दोपहर 1 बजे तक करीब 20 लाख आवेदन जमा किए जा चुके थे.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK): Jio प्लेटफॉर्म्स के IPO को लेकर शेयर बाजार में इन्वेस्टर का उत्साह देखने को मिल रहा है. बुधवार, को IPO खुलने के महज चार घंटे के भीतर इसे तय शेयरों के मुकाबले 1.66 गुना आवेदन मिल चुके थे. दोपहर 1 बजे तक करीब 20 लाख आवेदन जमा किए जा चुके थे. ₹30,213 करोड़ का यह IPO देश के सबसे बड़े IPO में शामिल है. इसमें बड़े संस्थागत निवेशकों से लेकर आम निवेशकों और रिलायंस के कर्मचारियों तक ने दिलचस्पी दिखाई है.
बड़े संस्थागत निवेशकों ने दिखाई सबसे ज्यादा दिलचस्पी
IPO की अलग-अलग कैटेगरी में निवेशकों की भागीदारी देखने को मिली. सबसे ज्यादा मांग बड़े संस्थागत निवेशकों यानी QIB कैटेगरी में रही. बुधवार दोपहर 1 बजे तक इस कैटेगरी में उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 4.86 गुना बोलियां लगाई जा चुकी थीं. वहीं, आम खुदरा निवेशकों की श्रेणी में 49 फीसदी सब्सक्रिप्शन दर्ज किया गया. कंपनी के कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा पूरी तरह भर गया, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों के लिए तय कोटे में 89 फीसदी सब्सक्रिप्शन हुआ. IPO में आवेदन करने की अंतिम तारीख 23 अक्टूबर है.
रिलायंस के शेयरधारकों और कर्मचारियों के लिए भी मौका
JIO IPO में रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र शेयरधारकों के लिए ₹2,500 करोड़ तक के शेयर आरक्षित रखे गए हैं. वहीं, कंपनी के कर्मचारियों के लिए ₹500 करोड़ तक के शेयरों का प्रावधान है. पात्र शेयरधारक नियमों के मुताबिक रिटेल और शेयरहोल्डर, दोनों श्रेणियों में आवेदन कर सकते हैं. इससे उन्हें शेयर आवंटन के लिए दो अलग-अलग श्रेणियों में अवसर मिल सकता है, हालांकि आवंटन की गारंटी नहीं है.
एंकर निवेशकों से भी मिला बड़ा समर्थन
IPO खुलने से पहले ही जियो प्लेटफॉर्म्स को बड़े निवेशकों से मजबूत प्रतिक्रिया मिली थी. एंकर निवेशकों के लिए आरक्षित करीब ₹8,110 करोड़ के शेयरों के मुकाबले ₹2.5 लाख करोड़ से अधिक की बोलियां मिलने की जानकारी दी गई. वहीं, बुधवार सुबह करीब 100 मिनट में ही आईपीओ का सब्सक्रिप्शन एक गुना से ऊपर पहुंच गया था. अब निवेशकों की नजर 23 अक्टूबर तक मिलने वाली प्रतिक्रियाओं और शेयर आवंटन पर रहेगी.