शादी सीजन से पहले सोना-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, गुलजार होगा सर्राफा बाजार

शादी के सीजन में रांची के सर्राफा बाजार में सोना-चांदी सस्ता हुआ है. 22 कैरेट सोना 15,500 रुपये और चांदी 36 हजार रुपये प्रति किलो तक टूट चुकी है.

शादी सीजन से पहले सोना-चांदी के भाव में बड़ी गिरावट, गुलजार होगा सर्राफा बाजार

रांची (RANCHI): शादी का सीजन आ गया है. ऐसे में शादी  के मौसम हो या कुछ नए चीजों की शुरुआत, सोना खरीदना पसंद करते है. ऐसे में सोना और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट ने राजधानी रांची के सर्राफा बाजार में हलचल बढ़ा दी है. पिछले कुछ दिनों से दोनों कीमती धातुओं के भाव में नरमी देखने को मिल रही है. शनिवार को सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई. इससे शादी के लिए गहने खरीदने की तैयारी कर रहे परिवारों को राहत मिली है. हालांकि, कीमतों में और कमी आने की उम्मीद के कारण कई ग्राहक फिलहाल खरीदारी करने से बच रहे हैं.

सोना-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट

रांची के सर्राफा बाजार में 22 कैरेट सोने की कीमत 11 नवंबर को 1,30,500 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो 22 नवंबर को घटकर 1,15,000 रुपये पहुंच गई. इस तरह 11 दिनों में सोना 15,500 रुपये सस्ता हुआ है. वहीं, चांदी की कीमत 11 नवंबर को 1,94,000 रुपये प्रति किलो थी, जो अब 1,58,000 रुपये पर आ गई है. यानी चांदी में 36 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार से कमजोर संकेतों के बीच सोने और चांदी की कीमतों में दबाव बना हुआ है. इससे स्थानीय सर्राफा बाजार में भी भाव नीचे आ रहे हैं. हालांकि, अलग-अलग ज्वेलर्स के यहां कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है.

शादी की खरीदारी पर पड़ेगा असर

कीमतों में गिरावट से उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके घरों में आने वाले दिनों में शादी है. सोने के आभूषणों के अलावा चांदी की पायल, बिछिया, बर्तन और पूजा सामग्री खरीदने वालों को भी कम कीमत का फायदा मिल सकता है. दूसरी ओर, ग्राहक अभी बाजार के भाव पर नजर बनाए हुए हैं. उन्हें उम्मीद है कि सोना एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.10 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है. कीमतों में गिरावट से खरीदार खुश हैं, लेकिन निवेशकों के बीच चिंता बनी हुई है.

कीमतों में और गिरावट की उम्मीद

सोना-चांदी व्यवसाय समिति, रांची के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के अनुसार, आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है. उन्होंने कहा कि महंगी कीमतों के कारण लोग पहले की तुलना में कम खरीदारी कर रहे हैं. प्रधानमंत्री की अपील और बढ़े हुए भाव का भी बाजार पर असर पड़ा है. कीमतें कम होने से आगे सर्राफा बाजार में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है और लोगों में राहत की खबर है.