बिहार: गांधी संग्रहालय की दीवार पर किसने लिखी विवादित टिप्पणी? CCTV फुटेज जांच कर रही पुलिस
पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि घटना के पीछे कौन था और उसका उद्देश्य क्या था.
मोतिहारी (MOTIHARI): बिहार के पूर्वी चंपारण स्थित ऐतिहासिक गांधी संग्रहालय की दीवार पर विवादित टिप्पणी लिखे जाने का मामला सामने आया है. दीवार पर अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर “RSS एक आतंकवादी संगठन है” समेत कई विवादित बातें लिखी गई थीं. मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने दीवार पर कराया पेंट
सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. दीवार पर लिखे विवादित संदेश को पेंट कर ढकवा दिया गया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि दीवार पर लिखने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ये संदेश किसने और किस उद्देश्य से लिखे थे.
चंपारण सत्याग्रह से जुड़ा है गांधी संग्रहालय
मोतिहारी का गांधी संग्रहालय चंपारण सत्याग्रह के इतिहास से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है. पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, संग्रहालय में चंपारण सत्याग्रह से संबंधित तस्वीरें और ऐतिहासिक अवशेष प्रदर्शित हैं. परिसर में 48 फीट ऊंचा स्मारक स्तंभ भी मौजूद है. इसी ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए स्थानीय लोगों ने संग्रहालय की दीवार पर विवादित राजनीतिक संदेश लिखे जाने पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि सार्वजनिक और ऐतिहासिक स्थलों को इस तरह के विवादों का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए.
सीसीटीवी फुटेज से पहचान की कोशिश
पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि घटना के पीछे कौन था और उसका उद्देश्य क्या था.