Big Update : 40 करोड़ के जेवर लूट में शामिल थे वैशाली के अपराधी, एसटीएफ ने आधा दर्जन को उठाया
हाल ही में बेतिया में आभूषण शोरूम से करीब 40 करोड़ के जेवर लूट मामले का तार वैशाली से जुड़ रहा है. छानबीन के दौरान मिले इनपुट के आधार पर एसटीएफ और जिला पुलिस वैशाली में विभिन्न जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है.
वैशाली: हाल ही में बेतिया में आभूषण शोरूम से करीब 40 करोड़ के जेवर लूट मामले का तार वैशाली से जुड़ रहा है. छानबीन के दौरान मिले इनपुट के आधार पर एसटीएफ और जिला पुलिस वैशाली में विभिन्न जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. बताया जा रहा है कि करीब आधा दर्जन लोगों को पुलिस और एसटीएफ ने हिरासत में भी लिया है और पूछताछ कर रही है. हिरासत में लिए गए लोगों से लूटकांड में उनकी कथित भूमिका, अन्य साथियों के नाम और लूटे गए सोने की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अब तक किसी भी संदिग्ध या आरोपित के नाम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है.
SDPO स्तर के अधिकारी पहुंचे हैं हाजीपुर
बेतिया में हुई बड़ी लूट मामले की जांच के लिए एसडीपीओ स्तर के अधिकारी बेतिया से हाजीपुर पहुंचे हैं. उनके ही नेतृत्व में एसटीएफ, डीआईयू की संयुक्त टीम छापेमारी कर रही है. बताया जा रहा है कि पुलिस सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध और अन्य इनपुट के आधार पर दबिश दी जा रही है. संयुक्त टीम एक तरफ संदिग्ध के आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर तलाशी ले रही है वहीं जानकारी मिल रही है कि संदिग्ध के परिजनों को भी पूछताछ के लिए पुलिस ले गई है.
मोबाइल लोकेशन भी खंगाला जा रहा
पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से घटना में शामिल अन्य लोगों और लूटे गए आभूषणों के बारे में जानकारी मिल सकती है. पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर भी जांच कर रही है. जांच टीम संदिग्धों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टावर लोकेशन खंगाल रही है. लूट की घटना वाले दिन और उसके बाद संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है. इसी आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
वैशाली के अपराधी का मिला है कनेक्शन
पुलिस सूत्रों की मानें तो लूटकांड में वैशाली के कुछ अपराधियों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं. इसी वजह से बेतिया और वैशाली पुलिस आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई कर रही है. फिलहाल पुलिस जांच जारी होने की बात कह रही है. अधिकारियों की ओर से मामले में आधिकारिक जानकारी और आरोपितों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है.
8 अपराधियों ने लूटे थे 40 करोड़ के जेवर
बता दें कि पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में 18 नवंबर को दिनदहाड़े करोड़ों रुपये के आभूषणों की लूट हुई थी. तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आठ हथियारबंद अपराधी बिना नकाब पहने ग्राहक बनकर शोरूम में दाखिल हुए थे. अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर शोरूम के आठ कर्मचारियों और तीन ग्राहकों को बंधक बना लिया था. इसके बाद करीब 20 से 30 मिनट तक काउंटर और तिजोरी से आभूषण निकाल कर बैग में भरते रहे. इस वारदात में करीब 35 से 40 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जतायी गई थी.