बकरी को लेकर शुरू हुए विवाद में जेठानी ने पीट-पीटकर देवरानी को उतारा मौत के घाट

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां बकरी के घर में रखा भात खा लेने को लेकर जेठानी और देवरानी के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया.

बकरी को लेकर शुरू हुए विवाद में जेठानी ने पीट-पीटकर देवरानी को उतारा मौत के घाट

पश्चिमी चंपारण (WEST CHAMPARAN): बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां बकरी के घर में रखा भात खा लेने को लेकर जेठानी और देवरानी के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. इस घटना में देवरानी की मौत हो गई. मृतका की पहचान जबका गांव निवासी महेश चौधरी की पत्नी गायत्री देवी के रूप में हुई है. वह चार छोटे बच्चों की मां थी. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.

क्या था पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, गायत्री देवी की बकरी ने कथित तौर पर उनकी जेठानी के घर में रखा भात खा लिया था. इससे भात जूठा होने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी. आरोप है कि इसी दौरान जेठानी ने गायत्री देवी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई. हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों और मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.

बताया जा रहा है कि गायत्री देवी के पति महेश चौधरी मजदूरी करने के लिए एक दिन पहले ही दूसरे शहर गए थे. ऐसे में वह अपने चार बच्चों के साथ घर में अकेली थीं. घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और रामनगर पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. वहां घर के अंदर गायत्री देवी का शव मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है.

मृतका के मायके वालों ने गायत्री देवी की जेठानी पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच पहले से भी विवाद होता रहता था. आरोप है कि घटना के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही जेठानी के परिवार के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए. इस मामले में मृतका के पिता मदन चौधरी ने भी अपनी बात रखी है. वहीं, गायत्री देवी की बेटी ने भी घटना को लेकर जानकारी दी है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही गायत्री देवी की मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस की जांच और परिजनों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. चार मासूम बच्चों की मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.