Weather Alert : अगले दो दिन ऐसा रहेगा बिहार में मौसम का हाल, साइक्लोन के असर की वजह से गिर चुका है तापमान

साइक्लोन अर्नब का असर बिहार में भी दिखने लगा है. एक तरफ खराब मौसम है तो दूसरी तरफ तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है और लोगों को सलाह दी है कि बाहर न निकलें

Weather Alert : अगले दो दिन ऐसा रहेगा बिहार में मौसम का हाल, साइक्लोन के असर की वजह से गिर चुका है तापमान

पटना: पश्चिम बंगाल की खाड़ी से शुरू हुए साइक्लोन अर्नब का असर अब बिहार में दिखने लगा है. बुधवार देर रात और गुरुवार की अहले सुबह से राज्य के कई जिलों में मौसम खराब हो चुका है वहीं राजधानी पटना समेत कई शहरों में बूंदाबांदी शुरू हो चुकी है. इसके साथ ही तापमान में भी भारी कमी हुई है. वहीं मौसम विभाग ने इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान जाहिर करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है.

भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने राज्य के 4 जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर और दरभंगा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जहां भारी बारिश के साथ तेज हवा चलने की आशंका है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, पटना, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में येलो अलर्ट जारी किया है.

यहां चलेगी तेज हवा

बिहार के सिर्फ कुछ जिलों खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिले को ग्रीन जोन में रखा गया है. लेकिन इन जिलों में तेज हवा और बादलों की आवाजाही भी दिनभर जारी रह सकती है. इस तरह से देखा जाए तो आज पूरे दिन बिहार में मौसम बिगड़ा रह सकता है. पटना में भी सुबह-सुबह बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं. इसके बाद से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं.

दो दिन तक बिगड़ा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार करीब अगले दो दिनों तक बिहार में मौसम बिगड़ा रह सकता है. करीब 31 अक्टूबर तक बिहार के विभिन्न जिलों में हल्की से भारी स्ततर की बारिश हो सकती है. बता दें कि बंगाल की झाड़ी ने बने साइक्लोन की टक्कर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में करीब 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से टकराया जिससे भारी क्षति हुई है. साइक्लोन की वजह से कई लोगों की जान भी चली गई. इसके साथ ही ओडिशा में भी लोगों को भारी क्षति हुई है.