टीएनपी डेस्क (TNP DESK):हर एक आम इंसान, जो मध्यम वर्गीय परिवार में जन्मा है, पला-बढ़ा है या आज भी उसी जीवन को जी रहा है, उसने कभी न कभी यह सपना जरूर देखा होगा कि रातों-रात उसके खाते में करोड़ों रुपये आ जाएं और वह एक ही पल में करोड़पति बन जाए. हालांकि, यह सपना सच नहीं होता, क्योंकि बिना मेहनत के कुछ नहीं मिलता. लेकिन कभी-कभी हमारे सामने ऐसी हैरान कर देने वाली खबरें आती हैं, जिन्हें सुनकर हर कोई दंग रह जाता है. कहा जाता है कि किस्मत कब पलट जाए, यह कोई नहीं जानता. बिहार के हाजीपुर जिले के रहने वाले चंद्रदीप राय को भी बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वह रातों-रात लाखपति नहीं करोड़पति नहीं, अरबपति बन जाएंगे और उनके खाते में सात अरब रुपये से अधिक की राशि दिखाई देगी.
पढ़िये कहां का है मामला
दरअसल, बिहार के वैशाली जिले से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पेंशनधारी बुजुर्ग जब बैंक से 1100 रुपये निकालने पहुंचे तो उनके खाते का बैलेंस देखकर बैंक कर्मचारियों का भी माथा घूम गया.आपको बता दें कि यह पूरा मामला बिहार वैशाली जिले के महुआ प्रखंड के रहने वाले पेंशनधारी चंद्रदीप राय सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मिलने वाली 1100 रुपये की राशि निकालने के लिए उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचे थे. वहां सीएसपी संचालक ने जब उनके खाते का बैलेंस देखा तो स्क्रीन देखकर वह भी हैरान रह गया. निकासी के बाद बुजुर्ग के खाते में 7 अरब 40 करोड़ 68 लाख 72 हजार 795 रुपये से अधिक की राशि दिखाई दे रही थी. एक सामान्य पेंशन खाते में इतनी बड़ी रकम कहां से आई, इसे लेकर पूरे जिले में चर्चा शुरू हो गई है.
दोनों अकाउंट पर प्रशासन ने लगाया रोक
वहीं, वैशाली जिले के महुआ के जंदाहा प्रखंड के खोपी गांव से भी ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुक राजन सिंह के खाते में अचानक 7 करोड़ रुपये दिखाई देने लगे.इसके बाद तकनीकी गड़बड़ी को लेकर प्रशासन और अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है.प्रशासन की ओर से दोनों खातों के संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है.इस पूरे मामले से महुआ के प्रखंड विकास पदाधिकारी सौरव बरनवाल को अवगत कराया गया, जिसके बाद पंचायत सचिव को लाभुकों के घर भेजकर उनकी स्थिति की जानकारी ली गई. प्रशासन ने फिलहाल दोनों खाताधारकों को खातों से किसी भी तरह का लेन-देन नहीं करने की सलाह दी है.
पढ़िये पूरे मामले पर BDO ने क्या कहा है
इस पूरे मामले पर बीडीओ सौरव बरनवाल ने बताया कि इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है. प्रारंभिक जांच में बैंकिंग प्रणाली या सर्वर में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है. बैंक और संबंधित विभाग मिलकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि खातों में इतनी बड़ी राशि कैसे दिखाई दी. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.

