PM के कार्यक्रम को लेकर सीएम ने खुद लिया तैयारी का जायजा, तेजस्वी के बयान पर किया पलटवार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली जिले के राघोपुर स्थित रुस्तमपुर में हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया. 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे नीतीश सेतु का लोकार्पण, विभिन्न विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास
वैशाली: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वैशाली जिले में कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल (नीतीश सेतु) का निरीक्षण किया. साथ ही 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया. इस क्रम में मुख्यमंत्री ने राघोपुर के रुस्तमपुर में निर्मित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया तथा पुल के पिलर संख्या 23 और 24 के बीच बनाए जा रहे प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली.
तेजस्वी पर पलटवार कहा 'नीतीश जी ने बनवाया'
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आएंगे और कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल को जनता को समर्पित करेंगे. इस अवसर पर प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे. राघोपुर सहित पूरे बिहार की जनता प्रधानमंत्री का स्वागत करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इलाका लंबे समय तक विकास से अछूता रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है. कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल का डीपीआर वर्ष 2012 में तैयार किया गया था और वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके निर्माण कार्य की शुरुआत कराई थी. वर्ष 2026 में इस छह लेन पुल का निर्माण कार्य पूरा हुआ है. हमलोग उनके विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं.
नीतीश कुमार के लिए छोटा सा सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पूरे इलाके की स्थिति को समझते हुए अभियान चलाकर कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल के निर्माण की पहल की थी. मेरे आग्रह पर उन्होंने सुल्तानगंज-अगवानी पुल को वर्ष 2013 में स्वीकृति दी थी. वर्ष 2010 में इस इलाके में आयोजित चुनावी सभा के दौरान उन्होंने जनता से यहां पुल निर्माण का वादा किया था. मुझे इस बात की काफी खुशी और गर्व है कि इस छह लेन पुल का नामकरण 'नीतीश सेतु के रूप में किया गया है. उन्होंने 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है. हमारी सरकार की ओर से यह उनके प्रति एक छोटा-सा सम्मान है.
कार्यक्रम स्थल का भी किया निरीक्षण
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने राजापाकर स्थित बनारसी चौक तथा जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र (जाफरपट्टी) पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली जिला में प्रस्तावित आगमन एवं कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल के समीप समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रधानमंत्री के 21 नवंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने प्रधानमंत्री के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम, कार्यक्रम स्थल के मानचित्र, हेलीपैड, विभिन्न प्रकार के वाहनों के लिए पार्किंग, प्रवेश द्वार, यातायात प्रबंधन तथा आम लोगों के सुगम आवागमन की व्यवस्था से मुख्यमंत्री को अवगत कराया. प्रस्तुतीकरण के दौरान आपातकालीन सुविधाओं, अग्निशमन व्यवस्था, मेडिकल कैंप, क्रेन, सुरक्षा जांच, एंबुलेंस, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई.
डीजीपी ने बताया सुरक्षा प्लान
पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा ने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के विभिन्न मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए की गई तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तारपूर्वक जानकारी दी. बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम में आनेवाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. सभा स्थल तक लोगों का आवागमन सुगम एवं व्यवस्थित रहे, इसकी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें. वाहनों का परिचालन भी सुचारू ढंग से हो, इसका विशेष ध्यान रखें. सभा स्थल तक पहुंचने वाले विभिन्न मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करें.
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दिन सभा स्थल तक संपर्कता प्रदान करने वाले मुख्य मार्गों को खाली रखा जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. कार्यक्रम स्थल के आसपास पर्याप्त संख्या में प्रवेश द्वार बनाए जाएं, जिससे आम लोग आसानी से सभा स्थल तक पहुंच सकें. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक मंगल पांडेय, विधायक सिद्धार्थ पटेल, विधायक संजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक अनिल कुमार, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक, विशेष सुरक्षा कुंदन कृष्णन, तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक चंदन कुमार कुशवाहा, जिलाधिकारी वर्षा सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.