वैशाली में जले हुए युवक का शव मिलने से हड़कंप, पहचान में जुटी पुलिस

वैशाली में जले हुए युवक का शव मिलने से हड़कंप, पहचान में जुटी पुलिस

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देनेवाली घटना सामने आई है, जहां राघोपुर प्रखंड के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक युवक का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही उसे देखने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए.यह पूरा मामला चकसिंगार पंचायत के लंका टोला गांव का है.

 पहचान में जुटी पुलिस

स्थानीय लोगों की नजर जब सड़क किनारे झाड़ी में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तहकीकात शुरू कर दी. हालांकि, अब तक शव की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस लगातार स्थानीय लोगों की मदद से उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है. वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया है.

हत्या कर शव जलाने की कोशिश की आशंका

पुलिस की ओर से आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है. वहीं, साक्ष्य छिपाने के लिए उसे जलाने की भी कोशिश की गई.अब तक मिली जानकारी के मुताबिक शव का चेहरा पूरी तरह से जला हुआ है और युवक की उम्र लगभग 15 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है.स्थानीय लोगों का भी कहना है कि शव को देखकर ऐसा लग रहा है मानो किसी ने हत्या कर उसे यहां फेंक दिया हो और सबूत मिटाने के लिए उसे जलाने की कोशिश की हो.

पढ़े मामले पर पुलिस ने क्या कहा

वहीं, मामले पर जुड़ावनपुर थाना अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है. आशंका है कि पहले युवक की हत्या की गई और बाद में शव को यहां लाकर जला दिया गया.पुलिस के मुताबिक युवक का शव करीब 75 प्रतिशत तक जला हुआ है, जिसकी वजह से उसकी पहचान करने में काफी मुश्किल हो रही है. फिलहाल पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि उसके बारे में कोई जानकारी मिल सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, ताकि जल्द से जल्द इस घटना का खुलासा किया जा सके.