वैशाली में PM के कार्यक्रम के बाद फाड़े पोस्टर, राजद के झंडे के साथ पहुंचे लोगों पर आरोप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर आए थे और इस दौरान उन्होंने वैशाली के राजापाकड़ प्रखंड क्षेत्र में एक सभा को संबोधित किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर आए थे और इस दौरान उन्होंने वैशाली के राजापाकड़ प्रखंड क्षेत्र में एक सभा को संबोधित किया
पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर आए थे और इस दौरान उन्होंने वैशाली के राजापाकड़ प्रखंड क्षेत्र में एक सभा को संबोधित किया. बिहार दौरे पर पीएम ने कच्ची दरगाह - बिदुपुर के बीच बने 6 लेन पुल 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन और राजापाकड़ में 1200 एकड़ से अधिक भूमि पर बनने वाले इंडस्ट्रियल पार्क का शिलान्यास किया. इस दौरान पीएम ने बिहार के लिए कुल 34 हजार करोड़ से अधिक की राशि की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया तथा मंच से लोगों को संबोधित भी किया. पीएम के बिहार दौरे से एनडीए समर्थकों में खुशी की लहर देखने को मिली वहीं पीएम के सभा के बाद एक हैरान करने वाला मामला सामने आया.
दरअसल पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर नीतीश सेतु समेत आसपास के इलाकों में पोस्टर लगाए गए थे. पीएम का कार्यक्रम खत्म होने और लोगों के चले जाने के बाद राघोपुर में कुछ लोग पहुंचे और तेजस्वी यादव जिंदाबाद का नारा लगाते हुए पोस्टर फाड़ दिया. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग पोस्टर फाड़ते और फेंकते हुए दिख रहे हैं. पोस्टर फाड़ने का वीडियो सामने आने के बाद वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है वहीं राजनीतिक गलियारे में भी हलचल पैदा कर दिया है.
बता दें कि राघोपुर इलाके में लालू परिवार का लंबे समय से प्रतिनिधित्व रहा और उनकी राजनीति में यह क्षेत्र अहम स्थान रखता है. राजद के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राघोपुर विधानसभा से विधायक हैं. वहीं कच्ची दरगाह - बिदुपुर पुल का लाभ राघोपुर के लोगों को भी काफी मिलेगा. ऐसे में पीएम के कार्यक्रम के लिए लगाए गए पोस्टर को फाड़ा जाना सियासी गलियारे में सरगर्मी बढ़ाने वाला है.