एक तरफ हो रही थी लक्ष्मी की आराधना, दूसरी तरफ पत्नी की कनपट्टी में पति ने मारी गोली, जानिए कहां का है मामला
बिहार के हाजीपुर में दीपावली की रात पति ने पत्नी नीलू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी. मायके वालों ने बेटा नहीं होने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
हाजीपुर (HAZIPUR): एक ओर दीपावली की रात पूरा शहर दीपों की रोशनी और आतिशबाजी से जगमगा रहा था, वहीं दूसरी ओर वैशाली जिले के एक घर में खूनी खेल खेला गया. औद्योगिक थाना क्षेत्र के राजपूत नगर में एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोप है कि बेटा नहीं होने की वजह से पति लंबे समय से पत्नी से नाराज था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. दीपावली की रात भी कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने पत्नी के सिर में गोली मार दी. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
मृतका की पहचान राकेश कुमार की 48 वर्षीय पत्नी नीलू सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दंपति की एक बेटी है. परिजनों के अनुसार, बेटा नहीं होने को लेकर पति-पत्नी के बीच पिछले करीब तीन महीने से लगातार विवाद चल रहा था. घरेलू कलह इतनी बढ़ गई थी कि दोनों के बीच तलाक तक की नौबत आ गई थी. इसी पारिवारिक विवाद के बीच दीपावली की रात यह दर्दनाक घटना हो गई.
किचन में पत्नी को मारी गोली, मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात भी पति-पत्नी के बीच पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हुआ. इसी दौरान गुस्से में आकर पति ने पत्नी पर गोली चला दी. गोली महिला के सिर में लगी और आर-पार हो गई. नीलू सिंह किचन में ही गिर पड़ीं और उनकी मौके पर मौत हो गई. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी पति मौके से फरार हो चुका था. घटना की सूचना पुलिस को दी गई.
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने मौके से खोखा समेत अन्य सबूत जब्त किए हैं. इधर, घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके वाले भी सदर अस्पताल पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मायके वालों ने आरोप लगाया है कि बेटा नहीं होने के कारण नीलू को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी वजह से उनकी हत्या की गई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी पति की तलाश में जुटी है.