बड़ी खबर: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ये इलाका, 20 अपराधियों ने 10 राउंड की फायरिंग, महिला समेत दो को मारी गोली

हाजीपुर के महुआ थाना क्षेत्र के हरपुर गंगाराम गांव में जमीन विवाद को लेकर करीब 20 हमलावरों ने 10 राउंड फायरिंग की. गोलीबारी में महिला समेत दो लोग घायल हुए हैं.

बड़ी खबर: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ये इलाका, 20 अपराधियों ने 10 राउंड की फायरिंग, महिला समेत दो को मारी गोली

हाजीपुर (HAJIPUR): बिहार के हाजीपुर में जमीन विवाद को लेकर देर रात खूनी संघर्ष की घटना सामने आई है. यहां करीब 20 की संख्या में मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने एक परिवार पर हमला कर दिया. हमलावरों ने लाठी-डंडे और हथियारों से लैस होकर न केवल परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, बल्कि करीब 10 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी. इस दौरान एक महिला और एक पुरुष को गोली लग गई. दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार, घटना हाजीपुर के महुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर गंगाराम गांव की है. यहां उमाशंकर सिंह और शिवशंकर सिंह के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. आरोप है कि इसी विवाद को लेकर उमाशंकर सिंह करीब 20 लोगों के साथ मोटरसाइकिल से शिवशंकर सिंह के घर पहुंचा. सभी हमलावरों के पास लाठी-डंडे और हथियार थे. आरोपियों ने पहुंचते ही दूसरे पक्ष के परिवार पर हमला बोल दिया. इस दौरान लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई और परिवार के मवेशियों को भी निशाना बनाया गया. इसके बाद हमलावरों ने दहशत फैलाने के इरादे से लगातार करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं.

इस गोलीबारी में सुमित्रा देवी और देवेंद्र भूटों को एक-एक गोली लगी है. गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना के बाद गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस जमीन विवाद, गोलीबारी और हमले में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.