त्योहारों पर घर जाना होगा आसान, बिहार-दिल्ली रूट पर 120 से ज्यादा बसें चलाने की तैयारी,जानिए पूरी खबर

त्योहारी सीजन में बिहार और दिल्ली के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए 120 से अधिक स्पेशल और रेगुलर बसें चलाने की तैयारी है. इन बसों में एसी, नॉन-एसी, सेमी-स्लीपर और स्लीपर जैसी सुविधाएं मिलेंगी.

त्योहारों पर घर जाना होगा आसान, बिहार-दिल्ली रूट पर 120 से ज्यादा बसें चलाने की तैयारी,जानिए पूरी खबर

BIHAR NEWS : दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के दौरान दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लोगों को इस बार बसों के रूप में अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है. त्योहारी सीजन में ट्रेनों में भारी भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए बिहार-दिल्ली रूट पर 120 से अधिक स्पेशल और नियमित बसों के संचालन की तैयारी की जा रही है. यात्रियों की जरूरत के हिसाब से एसी, नॉन-एसी, डीलक्स सेमी-स्लीपर और स्लीपर बसों का विकल्प उपलब्ध कराने की योजना है.

सितंबर से टिकट बुकिंग की तैयारी 

त्योहारी सीजन के लिए बस टिकटों की बुकिंग सितंबर से शुरू किए जाने की तैयारी है. वहीं दशहरा के लिए प्रस्तावित स्पेशल बसों की एडवांस बुकिंग अक्टूबर के पहले सप्ताह से शुरू हो सकती है. बसों का संचालन भी अक्टूबर से शुरू करने की योजना बनाई जा रही है. त्योहारों के दौरान करीब 60 स्पेशल डीजल और सीएनजी बसें चलाने की योजना है. इसके साथ नियमित बसों की संख्या बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है. स्पेशल बस सेवा को भविष्य में पूरे साल नियमित रूप से संचालित करने की योजना भी है.

निजी ऑपरेटर भी बढ़ा सकते हैं बसें 

बिहार और दिल्ली के बीच बसों के लिए फिलहाल 432 परमिट का कोटा निर्धारित है. नियमित बसों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से नए परमिट जारी करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है. इसके अलावा पटना-दिल्ली रूट पर चार नई लग्जरी बसें शुरू करने की योजना है. त्योहारी मांग को देखते हुए निजी बस ऑपरेटर भी करीब 30 अतिरिक्त बसें चला सकते हैं. इससे यात्रियों के पास ट्रेन के अलावा सड़क मार्ग से यात्रा करने के ज्यादा विकल्प उपलब्ध होंगे. दिल्ली से बिहार के अलग-अलग शहरों तक बस से यात्रा में रूट के आधार पर करीब 8 से 16 घंटे लग सकते हैं. बसों में लगभग 42 से 56 सीटों के विकल्प उपलब्ध होंगे. लंबी दूरी के यात्रियों के लिए सेमी-स्लीपर और स्लीपर बसें भी महत्वपूर्ण विकल्प बन सकती हैं.

शहर के अनुसार कितना हो सकता है किराया ?

दिल्ली से पटना का किराया लगभग 1,500 से 2,100 रुपये और गया का 1,500 से 2,300 रुपये तक हो सकता है. मुजफ्फरपुर और बक्सर के लिए 1,500 से 2,500 रुपये, जबकि दरभंगा के लिए 1,600 से 2,600 रुपये तक किराया रहने का अनुमान है.पूर्णिया के लिए यात्रियों को करीब 2,000 से 2,800 रुपये और भागलपुर के लिए 2,800 से 3,500 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं. स्पेशल और अतिरिक्त बसों के संचालन से दिल्ली से पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर सहित बिहार के कई शहरों तक सीधी यात्रा आसान हो सकती है. खासकर छठ और दीपावली के दौरान ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने वाले यात्रियों के लिए बस सेवा घर पहुंचने का एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक साधन बन सकती है.