मोकामा BIHAR : मोकामा के राजेंद्र सेतु पर बिजली का तार टूट जाने से रेल परिचालन कई घंटों तक प्रभावित रहा. इस वजह से हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस पुल पर ही फंस गई और यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी. रेल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य किया, जिसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया. इस घटना का असर सोनपुर-किउल रेलखंड की कई अन्य ट्रेनों पर भी पड़ा.
यात्रियों में बेचैनी और परेशानी देखी गई
जानकारी के अनुसार, मौर्य एक्सप्रेस सुबह करीब 9 बजे राजेंद्र सेतु पर पहुंची थी. इसी दौरान ओवरहेड विद्युत तार में तकनीकी खराबी आ गई और तार टूट जाने के कारण ट्रेन को बीच पुल पर ही रोकना पड़ा. ट्रेन के लंबे समय तक रुके रहने से यात्रियों में बेचैनी और परेशानी देखी गई. कई यात्री ट्रेन से बाहर झांकते नजर आए और लगातार ट्रेन के चलने का इंतजार करते रहे.
राजेंद्र सेतु से आगे के लिए रवाना
घटना की सूचना मिलते ही मोकामा से रेल कर्मियों की एक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया और आपातकालीन व्यवस्था के तहत ट्रेन को सुरक्षित रवाना करने की तैयारी की. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद मौर्य एक्सप्रेस को सुबह राजेंद्र सेतु से आगे के लिए रवाना कर दिया गया
सामान्य किया जा सके
हाथीदह रेल थाना अध्यक्ष मुनेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रेन को रवाना कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि रेल विभाग की टीम विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह बहाल करने के लिए लगातार काम कर रही है ताकि अन्य ट्रेनों का परिचालन सामान्य किया जा सके.
वहीं स्थानीय निवासी बिक्की कुमार ने बताया कि ट्रेन करीब चार घंटे तक पुल पर खड़ी रही. इसके कारण सोनपुर-किउल रेलखंड पर कई अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ और कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों एवं मार्गों पर रोकनी पड़ीं.
बिजली के तार टूटने की इस घटना से रेल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. हालांकि रेल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन को सुरक्षित रवाना कर दिया और प्रभावित रेलखंड पर व्यवस्था सामान्य करने के प्रयास जारी है. रेल विभाग अब विद्युत लाइन की पूरी तरह मरम्मत कर परिचालन को सुचारू बनाने में जुटा हुआ है.

