जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह पर 3 FIR दर्ज, जानिए क्या है मामला
विधायक अनंत सिंह, जनसुराज प्रत्याशी डॉ अनुज और आयोजक कर्मवीर सिंह पर रोड शो को लेकर आदर्श आचार संहिता, विधि व्यवस्था के उल्लंघन और नेशनल हाईवे पर अराजकता की स्थिति उत्पन्न करने के मामले में तीन केस दर्ज किए गए हैं.
मोकामा (MOKAMA): बिहार में मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. रोड शो के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन, विधि-व्यवस्था प्रभावित करने और नेशनल हाईवे पर अराजकता की स्थिति उत्पन्न करने के आरोप में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं. इस मामले में विधायक अनंत सिंह, जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज और कार्यक्रम के आयोजक कर्मवीर सिंह के नाम सामने आए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, रोड शो के दौरान नेशनल हाईवे-31 पर कई जेसीबी खड़ी कर दी गई थीं. इससे सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई और स्थानीय प्रशासन को यातायात सामान्य कराने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की और संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई.
एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि इस मामले में कुल तीन केस दर्ज किए गए हैं. इनमें दो प्राथमिकी बाढ़ थाना में, जबकि एक प्राथमिकी मोकामा थाना में दर्ज की गई है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. जांच के दौरान रोड शो के आयोजन, यातायात बाधित होने और नियमों के कथित उल्लंघन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जाएगी. विधायक अनंत सिंह और पटना स्नातक क्षेत्र से जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद बिहार का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है. अब पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी.