मोतिहारी(MOTIHARI):पुर्वी चम्पारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के बेलवतिया गांव में सोमवार की रात एक शादी उस समय टूट गई,जब विवाह समारोह के दौरान नेग की रस्म में चढ़ाए गए गहने नकली पाए गए. इस खुलासे के बाद विवाह मंडप में अचानक हंगामा मच गया और देखते ही देखते खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया. मामला इतना बढ़ गया कि लड़की पक्ष ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और विवाह समारोह में हुए खर्च की भरपाई की मांग पर अड़ गया. विवाद के कारण कई बाराती रातभर गांव में ही रुके रहे और दूसरे दिन भी मामला सुलझ नहीं सका.
पढ़े वजह
जानकारी के अनुसार नेपाल के बारा जिला अंतर्गत परसोतीपुर गांव निवासी युगल सहनी के पुत्र सुभाष कुमार की बारात बेलवतिया गांव पहुंची थी. दोनों परिवारों की सहमति से विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी.बारात के स्वागत के बाद जयमाला और अन्य वैवाहिक रस्में भी संपन्न हो चुकी थी. तथा सिंदूरदान की तैयारी चल रही थी.इसी दौरान नेग की रस्म के तहत लड़का पक्ष द्वारा लड़की को चढ़ाए गए गहनों की जांच कराई गई.जांच में गहने नकली होने की बात सामने आने पर लड़की पक्ष के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया.देखते ही देखते विवाह मंडप में विवाद शुरू हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी.
लड़के वालों ने चढ़ाया नकली गहना
लड़की के पिता लक्ष्मीनारायण सहनी ने आरोप लगाया कि लड़का पक्ष की ओर से पूर्व में की गई मांग के अनुसार नकद राशि समेत अन्य उपहार दिए जा चुके थे उन्होंने कहा कि जब सिंदूरदान से ठीक पहले यह जानकारी मिली कि नेग में दिए गए गहने नकली है, तो उन्हें लगा कि ऐसे परिवार में अपनी बेटी की शादी करना उचित नहीं होगा.इसी कारण उन्होंने विवाह से इनकार कर दिया.
उन्होंने कहा कि शादी की तैयारियों, खानपान, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं में काफी खर्च हुआ है. ऐसे में लड़का पक्ष पहले विवाह समारोह में हुए खर्च की भरपाई करे, उसके बाद ही उन्हें जाने दिया जाएगा.
रात भर चलता रहा हाई वोल्टेज ड्रामा
शादी टूटने की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए. देर रात तक दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बातचीत का दौर चलता रहा. बताया जाता है कि विवाद बढ़ने के बाद कुछ बाराती वहां से चले गए, जबकि कई बाराती गांव में ही रुके रहे. मंगलवार को भी स्थिति सामान्य नहीं हो सकी और दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम रहे.
लड़की के पिता ने रखी लड़कों वालों के सामने ये मांग
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत भी बुलाई गई, जहां समझौते की कोशिशें की गई. हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी ठोस निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी थी.ग्रामीणों के अनुसार रातभर पंचायत और वार्ता का सिलसिला चलता रहा, लेकिन खर्च की भरपाई और गहनों को लेकर विवाद बना हुआ है. पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है.इस अप्रत्याशित घटना के बाद विवाह मंडप, जो कुछ घंटे पहले तक शहनाइयों और खुशियों से गूंज रहा था, पूरी तरह सुनसान पड़ गया.गांव में दिनभर इसी घटना की चर्चा होती रही और लोग इसे क्षेत्र की चर्चित घटनाओं में से एक बता रहे है.

