सुपौल (BIHAR) ; बिहार के सुपौल जिले में आरबीएल बैंक के एक कैशियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बाथरूम से बाहर निकलते ही उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई. पुलिस ने जांच के लिए बाथरूम को सील कर दिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
बाथरूम से बाहर निकलते हीं बीगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, श्रवण पासवान अपने कमरे के बाथरूम में गए थे. बताया जा रहा है कि बाथरूम से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की लेकिन उनकी जान चली गई. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सन्नाटा छा गया.
मौत के बाद एहतियात के तौर पर बाथरूम सील
सूचना मिलने पर भपटियाही थाना अध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया. साथ ही जिस बाथरूम से बाहर आने के बाद श्रवण की तबीयत बिगड़ी थी उसे एहतियात के तौर पर सील कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही बाथरूम को खोला जाएगा.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा
थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला हार्ट अटैक से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है ताकि किसी भी संभावना को नजरअंदाज न किया जाए.
परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल
श्रवण पासवान अपने पीछे पत्नी आशा देवी, आठ वर्षीय बेटी माही कुमारी और छह वर्षीय बेटे शिरियांश कुमार को छोड़ गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों का कहना है कि श्रवण पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें पहले किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी. ऐसे में उनकी अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. वहीं, बैंक कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी इस दुखद घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है

