सुपौल में रेलवे पटरी के पास मिला 14 वर्षीय नाबालिग का शव, सिर पर गहरे चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस

सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर सत्यम कुमार का शव रेलवे पटरी के पास मिलने से सनसनी फैल गई. किशोर बुधवार शाम से लापता था. उसके सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं. पुलिस प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच में जुटी है.

सुपौल में रेलवे पटरी के पास मिला 14 वर्षीय नाबालिग का शव, सिर पर गहरे चोट के निशान, जांच में जुटी पुलिस

सुपौल(SUPAUL):बिहार में इन दिनों अपराधियों का तांडव देखने को मिल रहा है जहां अलग-अलग जिलों में खुलेआम वहां चोरी डकैती और हत्या जैसे खौफनाक वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है.ताजा मामला बिहार के सुपौल जिले से आया है जहां पिपरा थाना क्षेत्र के लिटियाही वार्ड 17 में 14 वर्षीय किशोर सत्यम कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने रेलवे पटरी के पास किशोर का शव देखा. सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे. प्रथमदृष्टया पुलिस हत्या की आशंका जता रही है.मृतक की पहचान लिटियाही वार्ड 17 निवासी ब्रह्मदेव यादव के 14 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है. उसकी मां का नाम बबीता देवी है. सत्यम दो भाइयों में छोटा था. उसका बड़ा भाई सौरभ कुमार है.

बुधवार की शाम से लापता था नाबालिक

परिजनों के अनुसार, सत्यम बुधवार शाम करीब 4 बजे से घर से लापता था. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका. गुरुवार सुबह लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान रेलवे पटरी पर उसका शव पड़ा देखा गया. इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गई.पुलिस के अनुसार, शव रेलवे पटरी पर फेंके जाने की आशंका है. किशोर के सिर पर दो जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सिर पर रॉड या किसी धारदार वस्तु से वार किया गया होगा. हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

 मामले की जांच कर रही है पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. किशोर की मौत के पीछे कौन है और उसे रेलवे पटरी तक कैसे लाया गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.इधर, पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस आवश्यक जांच और कार्रवाई में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.