बिहार में आज से शुरू होगा SSR, ऑनलाइन और ऑफलाइन जोड़ या हटा सकते हैं वोटर लिस्ट से नाम
बिहार में चुनाव आयोग एक बार फिर वोटर लिस्ट में छुटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत करेगा.
बिहार में चुनाव आयोग एक बार फिर वोटर लिस्ट में छुटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत करेगा.
पटना: बिहार में चुनाव आयोग एक बार फिर वोटर लिस्ट में छुटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत करेगा. इस अभियान के तहत छूटे हुए मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा जाएगा साथ ही अगर किसी मतदाता का नाम हटाना जरूरी हो तो हटाया भी जा सकेगा. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान आज से शुरू हो कर 11 दिसंबर तक चलेगा. इस दौरान मतदाता वोटर लिस्ट में अन्य तरह की गड़बड़ी को भी ठीक करवा सकते हैं.
जानकारी के अनुसार समेकित प्रारूप निर्वाचक-सूची के आने के साथ ही दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. इस दौरान वोटर लिस्ट से छूटे पात्र नागरिक, युवाओं के नाम और विशेष रूप से दिव्यांगों के नाम वोटर लिस्ट में जोड़े जायेंगे. 18 साल की उम्र पूरी करने वाले नये मतदाता भी अपना नाम लिस्ट में दर्ज करवा सकते हैं. बताया जा रहा है कि अभियान के दौरान नाम और पता में भी सुधार किया जाएगा. अभियान के दौरान लोग ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों ही तरीके से नाम जोड़ने, हटाने या अन्य कोई बदलाव करने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
वोटर लिस्ट में ऑनलाइन नाम जोड़ने, हटाने या कोई बदलाव करने के लिए voters.eci.gov.in पर लॉगिन करना होगा और वहां से जरूरत के अनुसार आवेदन करना होगा. चुनाव आयोग ने मतदाताओं की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर तथा सक्षम एप भी शुरू किया है जहां से कोई भी जानकारी हासिल की जा सकती है. जानकारी के अनुसार वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए प्ररूप-6 और नाम हटाने के लिए प्ररूप-7 फॉर्म बरना होगा. जबकि वोटर लिस्ट में सुधार, निवास स्थानांतरण या दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए प्ररूप-8 भरना जरुरी होगा.