सीवान (SIWAN) : जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला 132 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई. घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के सारिपट्टी गांव की है. बताया जा रहा है कि महिला पारिवारिक विवाद के बाद गुस्से में घर से निकलकर गांव के पास स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई. महिला की पहचान भगवानपुर प्रखंड के सहसराँव गांव निवासी मूरत देवी के रूप में हुई है.
लोगों की भारी भीड़ जुटी
महिला को टावर पर चढ़ा देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. लोगों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को समझाने का प्रयास शुरू किया.
सभी ने राहत की सांस ली
करीब कई घंटों तक पुलिस और ग्रामीण महिला को शांत करने और नीचे उतरने के लिए समझाते रहे. काफी मशक्कत और धैर्यपूर्ण बातचीत के बाद महिला आखिरकार टावर से सुरक्षित नीचे उतर आई. इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली.
सूझबूझ से बड़ी दुर्घटना टली
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस टावर पर महिला चढ़ी थी, उससे 132 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरती है. यदि महिला कुछ फीट और ऊपर चढ़ जाती या किसी बिजली तार के संपर्क में आ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. समय रहते पुलिस और ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना टल गई.
पारिवारिक विवाद बनी वजह
घटना के बाद पुलिस ने महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उसके परिजनों से बातचीत की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला पारिवारिक विवाद से परेशान थी. जिसके कारण उसने यह कदम उठाया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पारिवारिक तनाव के समय धैर्य और संवाद ही सबसे बड़ा समाधान है. वहीं, पुलिस और स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक महिला की जान बच गई और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया.

