घोर कलयुग! थावे के बाद अब सीवान के इस दुर्गा मंदिर में चोरी, सोने का हार ले गई महिला, देखिए CCTV 

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):जीवन में थक-हारकर जब हमें कोई रास्ता नहीं मिलता है, तो हम भगवान की शरण में जाते हैं ताकि हमें हमारे पापों से मुक्ति मिले और हमारे दुखों का नाश हो जाए. लेकिन कलयुग के इस दौर में इंसान इतना ज्यादा गिर चुका है कि अब उसे सही-गलत, पाप-पुण्य में कोई भी अंतर दिखाई नहीं देता उसे दिखता है तो बस अपना स्वार्थ और लालच, जिसकी पूर्ति के लिए वह इंसान तो दूर, भगवान को भी ठगने से पीछे नहीं हट रहा है. दरअसल, ऐसा हम इसलिए कह रहे है क्योंकि बिहार के सीवान जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

दर्शन के बहाने आयी थी महिला

आपको बता दें कि सीवान जिले के कचहरी रोड स्थित मां दुर्गा के प्रसिद्ध मंदिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.वायरल वीडियो में एक महिला मंदिर में घुसती हुई नजर आती है.वह थोड़ा ठहरकर इधर-उधर नजर दौड़ाती है.पहले तो लगता है कि वह दर्शन करने के लिए आई है, लेकिन थोड़ी देर बाद उसके हाव-भाव बदल जाते है. वह इधर-उधर देखती है कि कहीं उसे कोई देख तो नहीं रहा और फिर ऐसी हरकत कर बैठती है, जिसके बारे में किसी को अंदाजा भी नहीं होता. वह धीरे से मां दुर्गा की प्रतिमा के पास जाती है और उनके गले का हार चुरा लेती है.हार सोने का होने की वजह से उसके मन में लालच आ जाता है और वह चुपके से मंदिर से निकल जाती है, ताकि किसी को भी उस पर शक न हो.

पुलिस कर रही है मामले की जांच

वहीं, जैसे ही इसकी जानकारी मंदिर के पुजारी को लगी, वहां लोग एकत्र हुए और पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक महिला मां दुर्गा की प्रतिमा से हार चुराती हुई दिखाई दे रही है. पुलिस अब उस महिला की तलाश में जुटी है, ताकि उसकी पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. एसपी पूरन कुमार झा ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है उन्होंने कहा है कि जल्द ही महिला की पहचान कर ली जाएगी और मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

अब भगवान भी सुरक्षित नहीं हैं?

आपको बता दें कि बिहार के मंदिर अब असुरक्षित नजर आ रहे हैं, क्योंकि कुछ दिन पहले ही बिहार के प्रसिद्ध मां दुर्गा के थावे मंदिर में भी चोरी हुई थी, जहां मां दुर्गा का हार, मांगटीका और नथिया चोरी कर लिए गए थे. वहीं अब सीवान के इस मां दुर्गा मंदिर में चोरी की घटना कहीं न कहीं बिहार के मंदिरों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है. इस तरह की घटनाओं से लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या अब भगवान भी सुरक्षित नहीं हैं? क्या लोग इतने गिर चुके हैं कि अपने लालच को पूरा करने के लिए मंदिरों में भी चोरी करने से पीछे नहीं हट रहे हैं?