दो दिनों के अंतराल पर एक ही पोखर से मिला पति-पत्नी का शव, गांव में सनसनी का माहौल

सीवान के महराजगंज थाना क्षेत्र में दो दिनों के अंतराल पर एक ही पोखर से पति पत्नी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

दो दिनों के अंतराल पर एक ही पोखर से मिला पति-पत्नी का शव, गांव में सनसनी का माहौल

सीवान: बिहार के सीवान से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक पोखर से दो दिन पहले पत्नी का शव बरामद हुआ था और अब पति का भी बरामद हुआ है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई वहीं पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है. घटना सीवान के महराजगंज थाना क्षेत्र के पोखरा पंचायत की है. ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले 19 अक्टूबर को एक महिला सुगंधा देवी का शव गांव के एक पोखर से बरामद किया गया था. महिला का शव बरामद होने के बाद से ही उसका पति विशाल कुमार साह लापता था और अब बुधवार की सुबह उसका भी शव पोखर से बरामद किया गया है.

ग्रामीणों ने बताया कि पति पत्नी का आपस में अक्सर झगड़ा होता था. इसी बीच अचानक महिला घर से लापता हो गई और 19 अक्टूबर को उसका शव गांव के ही एक पोखर से बरामद किया गया. इसके बाद उसका पति विशाल भी लापता हो गया जिसकी तलाश में पुलिस प्रशासन जुटी हुई थी. पुलिस ने उसकी तलाश में स्थानीय गोताखोर के साथ ही एसडीआरएफ की भी मदद ली. अब बुधवार की सुबह उसका शव उसी पोखर से बरामद हुआ जिसमें उसकी पत्नी का शव मिला था.

घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओ अनीता सिन्हा, एसडीपीओ अमन, बीडीओ बिंदु कुमार, सीओ जितेंद्र कुमार तथा थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एक ही पोखर से दो दिनों के अंदर पति पत्नी का शव बरामद होने के बाद गांव में सनसनी फैल गई और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. इसके साथ ही लोगों के बीच सवाल भी उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ था जबकि मामले में पुलिस छानबीन शुरू कर दी है.