सिवान (SIWAN) : जिले के लकड़ी गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके के लोग हैरान रह गए. युवक का शव घर से कुछ दूरी पर मिला जिसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं. परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं. घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस इस घटना की पूरे मामले की तहकिकात में जुटी है.
हाल ही में विदेश से अपने घर लौटा था शख्स
परिजनों के अनुसार, कमरे आलम हाल ही में विदेश से अपने घर लौटे थे. बताया जा रहा है कि घटना वाली रात उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था. फोन आने के बाद वह घर से बाहर निकले लेकिन कुछ समय बाद उनका शव गांव में संदिग्ध अवस्था में मिला.
शरीर पर कई जगह चोट और जख्म के निशान
मृतक के शरीर पर कई जगह चोट और जख्म के निशान पाए गए हैं. इसे देखते हुए परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं. उनका कहना है कि कमरे आलम की पीट-पीटकर हत्या की गई है. इकलौते बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की सूचना मिलते ही लकड़ी नबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया.
गांव के दो युवक को लिया गया हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव के ही दो युवकों को हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के कारणों और सच्चाई का पता लगाया जा सके.
फिलहाल पुलिस हत्या और संदिग्ध मौत, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम के साथ-साथ आक्रोश का माहौल भी देखने को मिल रहा है.

