सीतामढ़ी पहुंची EOU की टीम, बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख के घर चल रही छापेमारी, जानिए पूरा मामला
बिहार में इन दिनों भ्रष्टाचार और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस समेत सभी जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है. इसी कड़ी में आज सुबह सुबह ईओयू की टीम सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड अंतर्गत हरपुरवा गांव पहुंची है
सीतामढ़ी: बिहार में इन दिनों भ्रष्टाचार और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस समेत सभी जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है. इसी कड़ी में आज सुबह सुबह ईओयू की टीम सीतामढ़ी के बाजपट्टी प्रखंड अंतर्गत हरपुरवा गांव पहुंची है, जहां प्रखंड प्रमुख के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. सुबह सुबह गांव में ईओयू के साथ भारी संख्या में पुलिस बल देख गांव समेत आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया. कार्रवाई की जानकारी मिलते ही प्रखंड प्रमुख के आवास के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई. ईओयू की टीम ने पूरे आवास की घेराबंदी कर दी है और लोगों के अंदर या बाहर जाने पर रोक लगा दी है.

जानकारी के अनुसार ईओयू की टीम प्रखंड प्रमुख के आवास पर वित्तीय लेनदेन समेत अन्य महत्वपूर्ण कागजों की पड़ताल कर रही है. फिलहाल छापेमारी और जांच पड़ताल का कारण नहीं पता चल सका है. जांच एजेंसी के अधिकारी अभी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं और अंदर कागजों को खंगाल रहे हैं. फिलहाल इस कार्रवाई का कारण और जांच में मिले तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगी. फिलहाल गांव में ईओयू की रेड की वजह से हड़कंप मचा हुआ है.
