सीतामढ़ी: घर में घुसकर मां-बेटी को मारी गोली, चार संदिग्ध हिरासत में
सीतामढ़ी के लालगढ़ योगिया गांव में बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटी को गोली मार दी. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है.
सीतामढ़ी के लालगढ़ योगिया गांव में बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटी को गोली मार दी. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है.
सीतामढ़ी (SITAMARHI): जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र स्थित लालगढ़ योगिया गांव में गोलियों की आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई. आरोप है कि बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटी को गोली मार दी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए. गोली लगने से 55 वर्षीय राजकुमारी देवी और उनकी 38 वर्षीय बेटी रोशनी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों को खून से लथपथ पाया. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. फिलहाल दोनों का इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर भटहां थाना पुलिस सक्रिय हुई. थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ वारदात से जुड़े सुराग जुटाए. इसके बाद संभावित आरोपियों के ठिकानों पर रातभर छापेमारी की गई. पुलिस की कार्रवाई के दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. सभी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और हमलावर किस रास्ते से घर में दाखिल हुए थे. वहीं, पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है.
पुलिस की शुरुआती जांच में गोलीबारी के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद का एंगल सामने आया है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ जारी है. पुलिस हमलावरों के मकसद और घटना में उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है. मां-बेटी को घर में घुसकर गोली मारे जाने के बाद लालगढ़ योगिया गांव में तनाव और दहशत का माहौल है. पुलिस इलाके में निगरानी बढ़ाने के साथ संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.