शिवहर (SHIVHAR): बिहार के शिवहर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से साइकिल सवार 10 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा शिवहर-सीतामढ़ी एनएच-227 पर देकुली धाम के पास हुआ.जानकारी के मुताबिक, बच्चा पूजा करने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था. इसी दौरान यह हृदयविदारक हादसा हुआ और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान सोनी बेंच वार्ड संख्या-5 निवासी रमेश कुमार गुप्ता के 10 वर्षीय बेटे अंकुश कुमार के रूप में हुई है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों का कहना है कि अंकुश साइकिल से देकुली धाम पूजा करने गया था. वहां से पूजा कर घर लौटने के दौरान शिवहर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बच्चे के पिता रमेश कुमार गुप्ता नेपाल में मजदूरी करते हैं. अंकुश घर का इकलौता वारिस था. उसकी मौत के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गुस्से में लोगों ने ड्राइवर को पीटा
अंकुश की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने देकुली के पास नेशनल हाईवे जाम कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, हादसे के बाद स्कॉर्पियो वाहन को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उसमें तोड़फोड़ की. लोगों ने चालक को भी पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी. फिलहाल पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है.

