हाजत का रौशनदान तोड़कर फरार हुआ कुख्यात अपराधी प्रभु भगत, पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज

हाजत का रौशनदान तोड़कर फरार हुआ कुख्यात अपराधी प्रभु भगत, पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज

सीतामढ़ी (BIHAR) : बिहार के सीतामढ़ी जिले से बड़ी खबर सामने आई है. जिले का मोस्ट वांटेड अपराधी प्रभु भगत परिहार थाना की हाजत से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गया है. पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीम बनाई है और गिरफ्तारी या पुख्ता सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है.

लंबे समय से पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

जानकारी के अनुसार, प्रभु भगत पर हत्या, लूट, रंगदारी सहित एक दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह लंबे समय से पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था. बताया जा रहा है कि उसने थाना हाजत में बने रौशनदान को तोड़कर फरार होने की योजना बनाई और मौका मिलते ही पुलिस को चकमा देकर भाग निकला.

25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा

घटना की जानकारी मिलते ही सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है. साथ ही प्रभु भगत की गिरफ्तारी या उसके बारे में पुख्ता सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है.

जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा

पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा आसपास के जिलों में भी सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है. प्रमुख सड़कों पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

तीन चौकीदारों को निलंबित कर दिया गया

इस मामले में लापरवाही सामने आने के बाद एसपी अमित रंजन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन चौकीदारों को निलंबित कर दिया है. वहीं, परिहार थाना के थानाध्यक्ष की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

सुरक्षा इंतजामों पर खड़े हुए कई सवाल

थाना हाजत से एक कुख्यात अपराधी के फरार होने की इस घटना ने पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है कि आखिर कब तक प्रभु भगत को दोबारा गिरफ्तार किया जाता है. फिलहाल पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और लोगों से अपील की गई है कि यदि प्रभु भगत के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.