सीतामढ़ी (SITAMARHI) : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीतामढ़ी के पौराणिक पुनौरा धाम पहुंचे. यहां उन्होंने सबसे पहले पुराने मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की. मुख्यमंत्री ने मां सीता और भगवान श्रीराम के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया. इसके बाद मंदिर परिसर में विग्रह स्थानांतरण का धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ.

पुनौरा धाम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय
वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-पाठ के बीच मां सीता और भगवान श्रीराम की प्रतिमाओं को पुराने मंदिर से नवनिर्मित नूतन सीताराम मंडप में स्थानांतरित किया गया. प्रतिमाओं को पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ पुराने मंदिर से उठाया गया और मंदिर परिसर में बने नए मंडप तक ले जाया गया. विग्रह स्थानांतरण के दौरान पुनौरा धाम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया. बैंड-बाजे और गाजे-बाजे के बीच प्रतिमाओं को नए मंदिर तक पहुंचाया गया. धार्मिक अनुष्ठान के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला. श्रद्धालु मां सीता और भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते रहे.

पूरे परिसर में आस्था और भक्ति का माहौल
नूतन सीताराम मंडप पहुंचने के बाद वैदिक विधि के अनुसार प्रतिमाओं को नए स्थान पर पदस्थापित किया गया. इस दौरान पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान लगातार चलते रहे. विग्रह स्थानांतरण को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई थी. पुनौरा धाम को मां सीता की जन्मस्थली के रूप में धार्मिक मान्यता प्राप्त है. ऐसे में यहां होने वाले धार्मिक आयोजनों का श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रहता है. शनिवार को हुए विग्रह स्थानांतरण के दौरान भी पूरे परिसर में आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा.

