बागमती उफान पर! शिवहर में कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदी, प्रशासन अलर्ट

बागमती उफान पर! शिवहर में कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदी, प्रशासन अलर्ट

सीतामढ़ी (BIHAR) : नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार के सीमावर्ती इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है. शिवहर जिले से होकर गुजरने वाली बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है.जिले के कई स्थानों पर नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे बाढ़ की आशंका गहरा गई है. हालात को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है.

सतर्क रहने की सलाह

संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. माइकिंग के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि वे अनावश्यक रूप से नदी या तटबंध के पास न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें. खास तौर पर अभिभावकों से कहा गया है कि वे छोटे बच्चों को नदी और तटबंध की ओर बिल्कुल न जाने दें, क्योंकि जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और किसी भी समय स्थिति गंभीर हो सकती है.

स्थानीय प्रशासन को दें सूचना

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि तटबंधों के आसपास भीड़ न लगाएं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. यदि कहीं जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति बनती है तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को दें. प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्यों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.

लोगों से अपील की गई है

अधिकारियों का कहना है कि बागमती नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.संबंधित विभागों की टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं और सभी संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है. लोगों से अपील की गई है कि प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में सहयोग करें.

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन नेपाल में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. आने वाले दिनों में यदि बारिश जारी रहती है तो बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है.