शिवहर (BIHAR) : बिहार के शिवहर नगर परिषद क्षेत्र में मुहर्रम की तैयारी के दौरान निकले अखाड़ों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी शुरू हो गई. इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई.
मुहर्रम की तैयारी और अभ्यास के लिए निकले थे
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब चार बजे शहर के विभिन्न अखाड़ों के सदस्य मुहर्रम की तैयारी और अभ्यास के लिए निकले थे. इसी दौरान थाना रोड स्थित गुप्ता मेडिकल के पास क्रॉसिंग और रास्ता देने को लेकर दो अखाड़ों के बीच कहासुनी हो गई. उस समय स्थानीय लोगों और मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था.
दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने
हालांकि कुछ देर बाद गांधी चौक के समीप दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए. इसके बाद विवाद ने बृहद रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे. साथ ही पत्थरबाजी भी हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय करीब 150 से 200 लोग मौके पर मौजूद थे. लगभग एक घंटे तक इलाके में अफरातफरी और तनाव का माहौल बना रहा.
एक-दूसरे पर झड़प शुरू करने का आरोप लगाया
बताया जा रहा है कि विवाद वार्ड संख्या 7 के इस्लामिया अखाड़ा और वार्ड संख्या 8 के मंसूरिया अखाड़ा के बीच हुआ. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर झड़प शुरू करने का आरोप लगाया है. इस्लामिया अखाड़ा के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद शमीम राज ने कहा कि दूसरे पक्ष की ओर से पहले लाठी-डंडा चलाया गया. वहीं मंसूरिया अखाड़ा के अध्यक्ष मोहम्मद दाऊद ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके लोगों पर हमला किया गया था.
शांति बनाए रखने की अपील
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया और शांति बनाए रखने की अपील की.
एसडीपीओ अनुशील कुमार ने बताया कि मुहर्रम की प्रैक्टिस के दौरान यह घटना हुई है. मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

