समस्तीपुर (SAMASTIPUR) : जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक पिछले छह महीने से अपने दोस्त की पत्नी के साथ मुजफ्फरपुर में लिव-इन रिलेशन में रह रहा था. परिजनों ने महिला के पहले पति पर हत्या कराने का आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी.
मृतक की पहचान समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के घोष लेन निवासी सूरज सोनी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार उसके साथ रह रही महिला डॉली कुमारी उसे इलाज के लिए मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंची थी, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
दोस्त की पत्नी के साथ रह रहा था युवक
परिजनों के मुताबिक, कुछ साल पहले सूरज की दोस्ती समस्तीपुर के दुधपुरा निवासी चंदन कुमार से हुई थी. चंदन के घर आने-जाने के दौरान सूरज और उसकी पत्नी डॉली के बीच नजदीकियां बढ़ीं. बाद में दोनों साथ रहने लगे. परिजनों का दावा है कि वर्ष 2023 में दोनों ने मोरवा के खुदनेश्वर धाम मंदिर में शादी भी कर ली थी. इसके बाद डॉली और उसके पहले पति चंदन के बीच विवाद बढ़ गया और सूरज व डॉली समस्तीपुर छोड़कर मुजफ्फरपुर में किराये के मकान में रहने लगे.
सूरज की मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी नहीं
मृतक के चाचा दुर्गा प्रसाद सोनी का आरोप है कि चंदन लगातार सूरज और उसके परिवार पर डॉली को छोड़ने का दबाव बना रहा था. वहीं डॉली की मां बेबी कुमारी ने भी बताया कि सूरज और डॉली के बीच प्रेम संबंध चंदन की दोस्ती के दौरान ही बने थे. हालांकि उन्होंने कहा कि सूरज की मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है.
पुलिस मामले की तहकिकात में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही परिजन शव को समस्तीपुर ले आए, जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया. नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन मौत के कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगा. उन्होंने कहा कि परिजनों से आवेदन मांगा गया है. आवेदन मिलने पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को मुजफ्फरपुर के संबंधित थाने भेजा जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

