समस्तीपुर(BIHAR) : बिहार के समस्तीपुर जिले में हुए डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई. चकमहेसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरियापार में अज्ञात बदमाशों ने प्रभात चौधरी और उसके साथी सन्नी कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त है. जबकि पुलिस जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है.
आसपास के लोगों से पूछताछ की गई
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद डीएसपी, एसपी और डीआईजी समेत कई थानों की पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग जुटाए जा सकें.
फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश, आपराधिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
जांच का हिस्सा बनाया गया है.
मृतक प्रभात चौधरी का नाम पहले भी कई मामलों में सामने आ चुका था. बताया जाता है कि कुछ समय पहले समस्तीपुर कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान अपराधियों ने उस पर फायरिंग की थी. उस हमले में वह बाल-बाल बच गया था. अब उसकी हत्या के बाद पुराने विवादों और आपराधिक गतिविधियों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.
पूरे इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ी
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है. स्थानीय लोगों से भी पुलिस सहयोग की अपील कर रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके. पुलिस का दावा है कि तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस सनसनीखेज वारदात ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

