समस्तीपुर में छठ घाट पर व्रतियों पर पिस्तौल तानने के आरोपी को पुलिस ने दबोचा, हथियार भी बरामद

छठ पर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के दौरान समस्तीपुर में व्रतियों के ऊपर पिस्टल तानने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने तीन देशी पिस्तौल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है

समस्तीपुर में छठ घाट पर व्रतियों पर पिस्तौल तानने के आरोपी को पुलिस ने दबोचा, हथियार भी बरामद

समस्तीपुर: छठ पर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के दौरान समस्तीपुर में व्रतियों के ऊपर पिस्टल तानने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने तीन देशी पिस्तौल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, साथ ही अन्य की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के शिबैगसींपुर निवासी चंदन कुमार के रूप में की गई है. पुलिस ने उसके पास से तीन पिस्तौल के साथ ही तीन कारतूस भी बरामद किया है.

बता दें कि कि रविवार को छठ पर्व के संध्या अर्घ्य के दौरान समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बेलसंडी तारा छठ घाट पर जब व्रती और श्रद्धालु अर्घ्य की तैयारी में जुटे थे तभी नाव पर सवार होकर पहुंचे बदमाश ने व्रतियों पर पिस्टल तान दी. घटना के दौरान छठ घाट पर अफरातफरी का माहौल हो गया.मामले में लोगों ने बताया कि युवक नाव से पहुंचा था और जहां लोग अर्घ्य की तैयारी में जुटे हुए थे युवक वहीं पर नाव से उतरने की जिद पर अड़ा था. लोगों ने जब उसे मना किया तो युवक ने पिस्तौल निकाल कर लोगों पर तान दिया. मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें घाट पर मौजूद लोग नाव सवार पर पत्थरबाजी करते हुए भी दिख रहे हैं.

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई. अब पुलिस ने एक आरोपी को तीन पिस्तौल और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.