जिसकी हत्या में 4 लोग हुए गिरफ्तार, वही युवक 4 साल बाद मिला जिंदा, अब पुलिस की कार्यवाही पर उठे सवाल
SAMASTIPUR: 2022 के जुलाई में जिस युवक की हत्या हो गई थी अब वह युवक जिंदा मिला है. जिसके बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया. ग्रामीणों ने उक्त युवक को पकड़ लिया और थाना लेकर गए हैं.
समस्तीपुर (SAMASTIPUR): 2022 के जुलाई में जिस युवक की हत्या हो गई थी अब वह युवक जिंदा मिला है. जिसके बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया. ग्रामीणों ने उक्त युवक को पकड़ लिया और थाना लेकर गए हैं. बताया जा रहा है कि युवक की हत्या के आरोप में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और कार्रवाई कर रही है. लेकिन अब उसके जिंदा सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है.
मामला समस्तीपुर के रोसड़ा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव का है. जानकारी के अनुसार लालपुर गांव निवासी मदन यादव ने जुलाई 2022 में रोसड़ा थाना में आवेदन देकर अपने बेटे रविशंकर की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए चार लोगों को नामजद किया था. उन्होंने गांव के सहदेव पंडित, मुकेश पंडित और दिनेश पंडित पर उसके पुत्र से जेसीबी, ट्रैक्टर एवं आम के बगीचे में काम कराने का आरोप लगाया गया था. पुलिस को बताया गया था कि ट्रैक्टर पलटने से रवि शंकर की मौत हो गई, जिसके बाद उसके शव को गायब कर दिया गया.मामले में ट्रैक्टर चालक छोटू महतो को भी आरोपित बनाया गया था. इस मामले में रोसड़ा पुलिस ने सहदेव पंडित, मुकेश पंडित और छोटू महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दिनेश पंडित ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था. अब चार वर्ष बाद वह युवक नोएडा में किसी को दिखा जिसके बाद उसकी पहचान की गई और ग्रामीणों ने पकड़ कर उसे थाना लाया है.
मूक बधिर युवक के जिंदा मिलने की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण थाना परिसर पहुंच गए. ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने तथा तत्कालीन थानाध्यक्ष, अनुसंधानकर्ता (आईओ) और डीएसपी की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई की मांग करने लगे. ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि यदि युवक जिंदा है तो बिना पर्याप्त सत्यापन के हत्या का मामला दर्ज कर निर्दोष लोगों को जेल भेजे जाने के मामले की भी जांच होनी चाहिए. इधर इस मामले में रोसड़ा पुलिस अब मूक बधिर युवक के पहचान कर चार वर्ष पुराने केस से जुड़े तथ्यों का सत्यापन करने में जुट गई है. उसके बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.