दबंगों की दबंगई, विवाहिता को खेत में पकड़ कर जबरन मांग में भर दिया सिंदूर, वीडियो वायरल

इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां सरेआम एक विवाहिता की इच्छा के विरुद्ध उसकी मांग में सिंदूर भरकर जबरन शादी का दावा किया गया. हैरानी की बात यह है कि महिला लगातार विरोध करती रही, खुद को बचाने के लिए भागती रही, लेकिन मौके पर मौजूद कई लोग तमाशबीन बने रहे.

समस्तीपुर (SAMASTIPUR): बिहार के समस्तीपुर में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां सरेआम एक विवाहिता की इच्छा के विरुद्ध उसकी मांग में सिंदूर भरकर जबरन शादी का दावा किया गया. हैरानी की बात यह है कि महिला लगातार विरोध करती रही, खुद को बचाने के लिए भागती रही, लेकिन मौके पर मौजूद कई लोग तमाशबीन बने रहे. कुछ लोग इस पूरी घटना का वीडियो बनाते और महिला का मजाक उड़ाते भी नजर आए. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मुख्य आरोपी कुंदन कुमार को बेगूसराय से गिरफ्तार कर लिया है.

मामला समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के सोभन गांव का बताया जा रहा है. घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं. वायरल वीडियो में एक युवक ग्रामीणों की भीड़ के बीच महिला के पास पहुंचकर उसकी मांग में सिंदूर भरने की कोशिश करता दिखाई देता है. महिला इसका विरोध करते हुए वहां से भागने का प्रयास करती है, लेकिन युवक उसका पीछा कर उसे पकड़ लेता है और जबरन सिंदूर भर देता है. इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोग युवक को रोकने की कोशिश करते हैं, जबकि कई लोग पूरी घटना का वीडियो बनाते नजर आते हैं.

वीडियो के दूसरे हिस्से में महिला एक कमरे के अंदर दिखाई देती है. यहां भी युवक कुछ लोगों की मदद से उसे पकड़कर उसकी मांग में दोबारा सिंदूर भरता है. महिला लगातार इसका विरोध करती रहती है. वीडियो में युवक महिला से प्रेम करने की बात कहता सुनाई देता है, जबकि महिला कोर्ट मैरिज करने और गांव में नहीं रहने की बात कहती नजर आती है. इस पर वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति दोनों की शादी कराकर गांव में ही रहने और दुकान चलाने की बात करता सुनाई देता है.

पहले से परिचित थे युवक और महिला
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक की पहचान पुरुषोत्तमपुर अन्नु पंचायत के वार्ड संख्या-2 निवासी दिनेश महतो के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है. पीड़िता भी खानपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है. दोनों के घर आसपास स्थित हैं और पहले से एक-दूसरे को जानते थे. शुरुआती जानकारी में मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, महिला की इच्छा के विरुद्ध जबरन सिंदूर भरने और उसके साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य लोगों की तलाश जारी
घटना को लेकर समस्तीपुर पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वायरल वीडियो खानपुर थाना क्षेत्र के सोभन गांव का है और घटना 28 अक्टूबर की है. पीड़िता और उसके परिजनों की शिकायत पर उसी दिन खानपुर थाने में कांड संख्या 243/2026 दर्ज किया गया था. प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 83, 84, 74, 351(2), 352 और 3(5) के तहत दर्ज की गई है.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य नामजद आरोपी कुंदन कुमार को बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. अन्य आरोपियों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. साथ ही वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है. समस्तीपुर पुलिस के मुताबिक, घटना से जुड़े वीडियो की तकनीकी जांच के साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है. फिलहाल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है. घटना के वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.