समस्तीपुर: देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में पुलिस की तैनाती लोगों की सामाजिक तत्वों से सुरक्षा के लिए की जाती है लेकिन इन दिनों बिहार में स्थिति कुछ अलग ही दिख रही है. जिस पुलिस को देख कर लोगों में सुरक्षा की भावना होनी चाहिए, बिहार में वह पुलिस खुद ही सुरक्षित नहीं है. आए दिन विभिन्न जगहों से पुलिस पर हमले की खबरें सामने आ रही है. ऐसा ही एक मामला सामने आया समस्तीपुर में जहां कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम को घेर कर पिटाई की. इस दौरान आरोप है कि असमाजिक तत्वों ने पुलिस अधिकारी का गला दबा कर जान मारने की कोशिश के साथ ही उनका हथियार भी छीनने की कोशिश की. घटना में कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल भेजना पड़ा. हालांकि बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमला करने के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जबकि 50 से 60 के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है.
युवक को शराब के साथ किया था गिरफ्तार
पूरा मामला समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साखमोहन क्षेत्र का है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि साखमोहन चौकी प्रभारी अरशद इमाम अंसारी पुलिस जवान प्रेम कुमार, पंकज कुमार यादव और शिवम कुमार के साथ संध्या गश्ती पर निकले थे. इसी दौरान पतैलिया मुसहरी टोल से करख वार्ड संख्या 1 निवासी संजय मंडल को अवैध देशी शराब के साथ किया और उसे पुलिस वाहन में लेकर चले ही थी कि तभी कुछ लोगों ने बाइक और अन्य सामान सड़क पर रख कर पुलिस वाहन को रोक लिया.
गला दबा जान से मारने की कोशिश
इस दौरान कई युवक समेत अन्य 50 से 60 महिला पुरुषों ने पुलिस टीम को घेर लिया और धक्का मुक्की करते हुए गिरफ्तार युवक को छुड़ाने की कोशिश करने लगे. आरोप है कि इस दौरान उपद्रवियों ने सरकारी वाहन के साइड मिरर और शीशे तोड़ दिये. दर्ज प्राथमिकी में चौकी प्रभारी ने बताया है कि वह मोबाइल से घटना का वीडियो बना रहे थे. तभी एक युवक ने साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि युवक ने लोहे के कड़े से उनके सिर पर वार किया और मोबाइल छीन लिया. इसके बाद उन्हें वाहन से बाहर खींचकर किसी ठोस वस्तु से सिर और पेट पर कई बार प्रहार किया गया. अंधेरे का फायदा उठाकर एक युवक ने गमछे से उनका गला कसकर जान से मारने की कोशिश की, जिससे वह कुछ देर के लिए अचेत हो गये. इस दौरान उनकी कमर से सरकारी पिस्तौल छीनने का भी प्रयास किया गया.
पुलिस ने हमला के चार आरोपी को दबोचा
भीड़ ने अन्य पुलिस जवानों के साथ भी मारपीट की. किसी तरह पुलिस टीम गिरफ्तार युवक और जब्त शराब के साथ थाने पहुंची. इसके बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया. पुलिस ने घटना के वीडियो फुटेज और स्थानीय चौकीदार की मदद से चार आरोपियों की पहचान की. इनमें पतैलिया वार्ड संख्या 10 के मुसहरी टोल निवासी बिरजू कुमार उर्फ बिरजू सदा, रोहित कुमार, चंदन कुमार और प्रमोद कुमार शामिल हैं. प्रभारी थानाध्यक्ष मो. शब्बीर खान ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी बिरजू सदा और रोहित कुमार के अलावा अप्राथमिक अभियुक्त सुनील सदा एवं मुकेश सदा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
