जमुई के बाद समस्तीपुर में लड़की के साथ छेड़खानी, वीडियो वायरल होते ही 4 गिरफ्तार

समस्तीपुर के जगतसिंहपुर में लड़की से कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है.

समस्तीपुर (SAMASTIPUR): बिहार के समस्तीपुर में एक लड़की के साथ कथित छेड़खानी, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव का बताया जा रहा है. पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर चार युवकों को गिरफ्तार किया है. सभी से पूछताछ की जा रही है.

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, घटना जगतसिंहपुर गांव के बांध बाइपास रोड की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में कुछ युवक एक लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि लड़की एक युवक के साथ सड़क से जा रही थी. इसी दौरान वह रास्ते में रुककर फोटो लेने लगी. तभी वहां कुछ स्थानीय युवक पहुंचे और कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे. आरोप यह भी है कि युवकों ने लड़की के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और अनुचित तरीके से स्पर्श किया. इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की. पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया. कर्पूरीग्राम थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सभी से पूछताछ की जा रही है. मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी जारी है.

पुलिस अब वायरल वीडियो से जुड़े कई पहलुओं की जांच कर रही है. वीडियो कब का है, घटना वास्तव में कहां हुई और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका क्या थी, इन सभी बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक कार्रवाई वायरल वीडियो के आधार पर की गई है. घटना की पूरी वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस ने लोगों से अपुष्ट जानकारी के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकालने की अपील की है.

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कथित ‘मोरल पुलिसिंग’ को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. कई लोग मामले में शामिल युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.