समस्तीपुर में देर रात आसमान से गिरा अजीबोगरीब डिवाइस, लोगों में मची अफरा-तफरी, जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में बीती रात अचानक एक अजीबोग़रीब डिवाइस आसमान से गिरा जिसके बाद लोगों में अफरातफरी मच गई. लोगों को सूचना पर पहुंची पुलिस डिवाइस को अपने साथ ले गई,

समस्तीपुर में देर रात आसमान से गिरा अजीबोगरीब डिवाइस, लोगों में मची अफरा-तफरी, जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच जब एक गांव में अंजान डिवाइस अचानक गिरा. बताया जा रहा है कि डिवाइस में एलइडी लाइट जल रहा है तथा उस पर मेड इन कोरिया लिखा हुआ है. डिवाइस के गांव में गिरने से लोगों में अफरातफरी का माहौल हो गया. लोगों ने आशंका जताई कि शायद यह कोई जासूसी या निगरानी करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली डिवाइस हो सकती है. उहापोह के बीच लोगों ने मामले की सूचना डायल 112 को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डिवाइस को अपने साथ ले गई. मामला समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बेलसंडी डीह गांव का है.

लोगों में अफरा-तफरी, पुलिस ले गई अपने साथ

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डिवाइस के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है. इसकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह क्या लेकिन प्रथमदृष्टया यह मौसम की जानकारी इकट्ठा किए जाने के लिए प्रयोग में लाये जाने वाली डिवाइस है. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. ग्रामीणों ने बताया कि हम लोग अपने घरों में थे तभी आसमान से अचानक एक अजीबोगरीब डिवाइस गिरा. इस पर मेड इन कोरिया लिखा हुआ है और इसमें एलईडी लाइट भी जल रही है जबकि इसमें पैराशूट जैसी करीब 250 से 300 मीटर लंबी डोर बंधी हुई है. डिवाइस की बनावट देख कर लोगों में तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई.

वायुमंडल की जानकारी जुटाने वाला हो सकता है डिवाइस

बताया जा रहा है कि यह वायुमंडल की जांच करने वाले किसी उपकरण से जुड़ा हो सकता है. मामले की जानकारी जिला स्तर पर भी भेजी गयी है. पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही डिवाइस की वास्तविक पहचान और उसके इस्तेमाल के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी . मौसम संबंधी आंकड़े जुटाने के लिए गुब्बारों के साथ उपकरण आसमान में भेजे जाते हैं. इनकी मदद से तापमान, वायुदाब, नमी और हवा से जुड़ी जानकारियां जुटायी जा सकती हैं. ऐसे उपकरण मौसम के गुब्बारे के जरिये ऊंचाई तक पहुंचते हैं. ऊंचाई पर गुब्बारा फटने के बाद उपकरण नीचे गिर सकता है. कुछ मामलों में नीचे उतरने की गति कम करने के लिए पैराशूट का इस्तेमाल भी किया जाता है.