सहरसा में दौड़ती कार में लगी भीषण आग, कुछ ही मिनटों में जलकर हुई राख

सहरसा में दौड़ती कार में लगी भीषण आग, कुछ ही मिनटों में जलकर हुई राख

सहरसा (BIHAR) : बिहार के सहरसा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. बनगांव थाना क्षेत्र के बरियाही ब्रह्म स्थान के पास चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई और जलकर पूरी तरह राख हो गई. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

कार में लगी आग ने लिया विकराल रूप

जानकारी के अनुसार, कार सहरसा की ओर जा रही थी. इसी दौरान बरियाही ब्रह्म स्थान के समीप अचानक कार से धुआं निकलने लगा. पहले चालक और उसमें सवार लोगों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. आग की ऊंची लपटें उठने लगीं जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई.

काफी मशक्कत के बाद पाया गया काबू

घटना को देखकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. साथ ही इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और उसमें रखा सामान भी नष्ट हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. यदि कार समय पर नहीं रोकी जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. चालक और अन्य लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.

शॉर्ट सर्किट से आगत लगने की संभावना

फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है. शुरुआती आशंका है कि कार में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी होगी. हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

एक बड़ा हादसा टला

इस घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य कराया और लोगों से सतर्क रहने की अपील की. समय रहते सभी लोगों के सुरक्षित बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया.