सहरसा(SAHARSA):बिहार के सहरसा जिले से देह व्यापार की खबर सामने आई है. जहां भारतीय नगर स्थित रेड लाइट एरिया में गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी कल्याण आनंद के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस ने बड़ी छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान कुल 18 लोगों को हिरासत में लिया गया. इनमें 4 नाबालिग लड़कियां, 10 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल है.छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद रही.पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर अभियान चलाया, जिससे किसी भी संदिग्ध को मौके से भागने का अवसर नहीं मिला.फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए, जिनकी जांच की जाएगी.
हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ जारी
वहीं, हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है. साथ ही पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से कंडोम सहित कई अन्य संदिग्ध एवं आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद करने की बात कही है. बरामद सामान को जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.
कुछ दिन पहले भी हुई थी छापेमारी
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी रेड लाइट एरिया में पुलिस ने छापेमारी की थी.उस दौरान कई कमरों को सील किया गया था.ताजा छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि उन सील किए गए कमरों के सील टूटे हुए है.इस मामले की भी अलग से जांच की जा रही है कि सील किसने और किन परिस्थितियों में तोड़ी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले में संलिप्त सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

