टीएनपी डेस्क (TNP DESK):घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर पर सरकार की ओर से सब्सिडी दी जाती है, जो गैस रिफिल करवाने के कुछ दिन बाद आपके खाते में भेज दी जाती है. लेकिन अगर आपने अब तक घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की ई-केवाईसी नहीं करवाई है, तो यह खबर आपके लिए काफी जरूरी है. क्योंकि अगर 16 अगस्त 2026 से पहले आपने अपने एलपीजी गैस सिलेंडर की ई-केवाईसी नहीं करवाई, तो आपकी परेशानी बढ़ सकती है. दूसरी तरफ, आपको घरेलू गैस सिलेंडर कमर्शियल रेट पर खरीदना पड़ सकता है.
16 अगस्त 2026 तक का है आखिरी मौका
आपको बता दें कि एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के वेरिफिकेशन के लिए ई-केवाईसी जरूरी, यानी अनिवार्य कर दी गई है. इसका उद्देश्य केवल इतना है कि वास्तविक उपभोक्ताओं की पहचान सुनिश्चित की जा सके और घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग रोका जा सके. यदि आपने भी अब तक एलपीजी गैस की ई-केवाईसी नहीं करवाई है, तो इसे जरूर करवा लें. क्योंकि सरकार की ओर से 16 अगस्त 2026 तक का ही समय निर्धारित किया गया है. वरना इसके बाद आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
अब तक नहीं करवाया है एलपीजी का ई केवाईसी तो जल्दी करें
आपको बता दें कि एलपीजी की ई-केवाईसी की अंतिम तिथि पहले 1 जुलाई 2026 तक निर्धारित की गई थी. लेकिन बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी नहीं करवाई और वे इससे वंचित रह गए. ऐसे लोगों को काफी परेशानी हो रही थी. इसे देखते हुए तेल कंपनियों की ओर से इसकी तारीख को आगे बढ़ाकर 16 अगस्त 2026 कर दिया गया है. कंपनियों की ओर से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यह अंतिम मौका है. अगर आपकी ई-केवाईसी पूरी नहीं होती है, तो संबंधित उपभोक्ता घरेलू दर पर एलपीजी सिलेंडर लेने के पात्र नहीं होंगे. उन्हें घरेलू सिलेंडर वाणिज्यिक दर पर खरीदना पड़ेगा. साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी का लाभ भी नहीं मिलेगा.
इस तरह घर बैठे किया जा सकता है वेरिफिकेशन
आपको बता दें कि इंडियन ऑयल सहित अलग-अलग कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजे जा रहे हैं. जिनकी भी ई-केवाईसी अब तक लंबित है, उन्हें जल्द से जल्द वेरिफिकेशन कराने के लिए कहा जा रहा है. यदि आपने अब तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है, तो इसे घर बैठे भी कराया जा सकता है. वहीं, प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कंपनी से संपर्क करने या ऑनलाइन सुविधा का भी विकल्प उपलब्ध कराया गया है, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और समय की भी बचत हो सके. अब घर बैठे भी लोग इसे कर सकते हैं. आइए आपको इसकी प्रक्रिया बता देते हैं.
यह रही पुरी प्रक्रिया
ऑनलाइन घर बैठे ई-केवाईसी करने के लिए सबसे पहले आपको अपने स्मार्टफोन में IndianOil ONE ऐप डाउनलोड करना होगा. इसके बाद ऐप के माध्यम से आधार वेरिफिकेशन और सेल्फी अपलोड की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इससे एक तरफ जहां समय की बचत होती है, वहीं ऑनलाइन प्रक्रिया इतनी आसान है कि कुछ ही मिनटों में वेरिफिकेशन पूरा हो जाता है. वहीं, जिन्हें ऑनलाइन आवेदन करना नहीं आता, वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी के कार्यालय जाकर भी ई-केवाईसी करवा सकते हैं. वहां कर्मचारी दस्तावेजों का सत्यापन कर पूरी प्रक्रिया पूरी कर देते हैं. इसलिए समय रहते अपनी ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि आपको किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

