सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर कोसी एक्सप्रेस में लगी आग, ब्रेक पैड जलने से मचा हड़कंप

सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर कोसी एक्सप्रेस में लगी आग, ब्रेक पैड जलने से मचा हड़कंप

SAHARSA:सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह हटिया-कोसी एक्सप्रेस के एक कोच के ब्रेक पैड में आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ट्रेन पूर्णिया कोर्ट से हटिया जा रही थी. आग की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है.

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 18625 हटिया-कोसी एक्सप्रेस सुबह करीब 5:30 बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची. ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग 1 घंटे 13 मिनट की देरी से स्टेशन पहुंची थी और यहां करीब 43 मिनट तक खड़ी रही. इसी दौरान एक कोच के पहिए के पास से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं. इसके बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया.

रेलवे की रिपोर्ट के अनुसार, M/2-213815/SER नंबर वाले चेसिस या कोच के पहिए से आग निकल रही थी. सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश शुरू की. इस दौरान करीब छह अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया. बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मोर्चा संभाला और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.

रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने जांच की तो ब्रेक ब्लॉक जाम होने की बात सामने आई. तकनीकी जांच और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे रवाना किया गया. ट्रेन सुबह करीब 6:13 बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई.

फायर ब्रिगेड के फायरमैन संतोष कुमार ने बताया कि कोसी एक्सप्रेस के ब्रेक पैड में आग लगने की सूचना मिलने के बाद टीम स्टेशन पहुंची थी. करीब 30 मिनट की कार्रवाई के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई.

समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया. घटना के संबंध में समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका.