आनंद मोहन की बढ़ती लोकप्रियता ही बन गई दुश्मन! सरेंडर करने से पहले पहुंचे पैतृक गांव, कहा- हुई है 'गहरी साजिश'
इन दिनों बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन काफी चर्चा में हैं. उनके चर्चा में होने की वजह कोई बयान नहीं बल्कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला है.कोर्ट के फैसले के बाद सरेंडर करने से पहले आनंद मोहन शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पहुंचे.
सहरसा: इन दिनों बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन काफी चर्चा में हैं. उनके चर्चा में होने की वजह कोई बयान नहीं बल्कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला है. कोर्ट के फैसले के बाद सरेंडर करने से पहले आनंद मोहन शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पहुंचे. उनके आगमन से पहले सहरसा में पंचगछिया में ग्रामीण एकजुट हो कर उनके स्वागत के लिए पहुंचे. इस दौरान गांव में स्थित ठाकुर बाबा स्थान में जुटे लोगों ने आनंद मोहन का जोरदार स्वागत किया साथ ही 'जेल का फाटक टूटेगा, आनंद मोहन छूटेगा' जैसे नारे भी लगाए. लोगों ने आनंद मोहन को भरोसा दिलाया कि उन्हें कानून से न्याय जरूर मिलेगा और वह जल्द ही बाहर भी आ जाएंगे.
अपने ग्रामीणों से मुलाकात के दौरान आनंद मोहन ने समर्थन और आशीर्वाद देने के लिए लोगों का आभार भी जताया वहीं कोर्ट के निर्णय पर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि इस मामले में उनके विरुद्ध गहरी साजिश रची गई है. आनंद मोहन ने कहा कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता ही उनकी सबसे बड़ी दुश्मन बन गई है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस केस में कई गंभीर गड़बड़ियां हुई हैं, लेकिन किसी ने भी उन पर ध्यान नहीं दिया और न ही उनका पक्ष ठीक से सुना गया. हालांकि इस दौरान उन्होंने अपने सरेंडर करने को लेकर कोई जानकारी नहीं दी.
बता दें कि वर्ष 1994 में एक प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया की पीट पीट कर हत्या कर दी थी. इस मामले में आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगा था जिसके बाद लंबी सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने मृत्युदंड दिया था. बाद में सुप्रीम कोर्ट ने इस फैसला को पलटते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई. सुप्रीम कोर्ट से मिली सजा के बाद आनंद मोहन सहरसा जेल में बंद थे. वर्ष 2023 में बिहार सरकार ने जेल मैनुअल में बदलाव किया और उसके आधार पर आनंद मोहन को जेल से रिहाई मिल है.
आनंद मोहन की रिहाई के विरुद्ध मृतक डीएम जी कृष्णैया की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जिसके बाद अब सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई रद्द करते हुए एक महीने के अंदर सरेंडर करने का आदेश दिया है. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार के द्वारा जेल मैनुअल में बदलाव को भी असंवैधानिक बताया है. बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने बीते एक महीने में दो बड़ा फैसला सुनाते हुए एक तरफ मोकामा के बाहुबली अनंत सिंह की जमानत रद्द कर दी और सरेंडर करने का आदेश दिया तो दूसरी तरफ आनंद मोहन की रिहाई रद्द कर दी. दोनों नेताओं को कोर्ट से मिले झटका के बाद बिहार में सियासत भी गर्म है और विपक्ष जदयू भाजपा पर जरूरत के अनुसार जेल भेजने और बाहर निकालने का आरोप लगाया है.