रोहतास में धू-धूकर जला इलेक्ट्रिक बाइक का गोदाम, 60 से अधिक बाइक और ई-रिक्शा राख

रोहतास के अकोढ़ी गोला बाजार में इलेक्ट्रिक बाइक और ई-रिक्शा के गोदाम में भीषण आग लग गई. हादसे में 60 से अधिक नई इलेक्ट्रिक बाइक और ई-रिक्शा जलकर राख हो गए. दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

रोहतास में धू-धूकर जला इलेक्ट्रिक बाइक का गोदाम, 60 से अधिक बाइक और ई-रिक्शा राख

रोहतास(ROHTAS):रोहतास जिले के अकोढ़ी गोला बाजार में बृहस्पतिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चांदी रोड स्थित सरस्वती इलेक्ट्रिक बाइक एवं ई-रिक्शा के गोदाम में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 60 से अधिक नई इलेक्ट्रिक बाइक और ई-रिक्शा जलकर पूरी तरह खाक हो गए. गोदाम से अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही अकोढ़ी गोला थाने की पुलिस और दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं.

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है

दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक गोदाम में खड़ी बड़ी संख्या में नई इलेक्ट्रिक बाइक और ई-रिक्शा जल चुके थे. आग बुझने के बाद भी गोदाम में हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है.गोदाम के प्रोपराइटर जितेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में 60 से अधिक नई इलेक्ट्रिक बाइक और ई-रिक्शा जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं. उन्होंने बताया कि आग बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा, लेकिन प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है.

पढ़िये अकोढ़ी गोला थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं ने क्या बताया

वहीं, अकोढ़ी गोला थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. दुकान मालिक की ओर से फिलहाल कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद आग लगने के कारणों और हुए नुकसान की जांच की जाएगी.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.