रोहतास (ROHTAS):बिहार के रोहतास में हुए डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उनके ही वाहन चालक ने की. मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.शनिवार देर रात विमल कुमार डेहरी से कार से पटना लौट रहे थे. इसी दौरान औरंगाबाद जिले के बारूण थाना क्षेत्र स्थित धनौती पुल के पास उन पर हमला किया गया. गंभीर हालत में उन्हें जमुहार के नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जानकारी में गोली मारने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में उनके शरीर पर मारपीट और धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिलने की बात सामने आई.
चालक ने ही कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या की
घटना के बाद औरंगाबाद और रोहतास पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर वाहन चालक से पूछताछ की गई. पूछताछ में उसकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, चालक ने ही कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या की. हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं किया गया है और आरोपी से पूछताछ जारी है.
पूछताछ के बाद ही हो पाएगा वजहों का खुलासा
मृतक विमल कुमार गया जिले के शेरघाटी के रहने वाले थे, जबकि उनका परिवार पटना में रहता है. परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटी और एक छोटा बेटा है. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन सासाराम पहुंचे. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्या के कारणों का भी खुलासा किया जाएगा.

