नहाय खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की हुई शुरुआत, जानिए दोनों दिन अर्घ्य देने का समय

चार दिवसीय छठ महापर्व का आज से नहाय खाय के साथ शुरुआत हो गई है. आज व्रती नहाने के बाद सात्विक भोजन करेंगी जबकि शनिवार को खरना करेंगी. रविवार और सोमवार को सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. इस दौरान अर्घ्य का समय और मौसम का हाल

नहाय खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की हुई शुरुआत, जानिए दोनों दिन अर्घ्य देने का समय

पटना: लोक आस्था का महापर्व चार दिवसीय छठ आज से नहाय खाय के साथ शुरू हो गया. छठ को लेकर पूरे राज्य में भक्तिमय और उत्साह का माहौल है. हर तरफ छठ की गीत और साफ सफाई का सिलसिला लगातार जारी है. छठ के पहले दिन आज छठव्रती स्नान और पूजा कर साफ सफाई के साथ चावल, दाल और कद्दू की सब्जी बना कर खाएंगी और बाद में फिर वह परिवार के सदस्यों में प्रसाद के रूप में वितरण किया जाएगा. छठ के दूसरे दिन व्रती दिन भर निर्जला व्रत करेंगीं और शाम में खरना करेंगी.Image

खरना में क्या होता है

खरना में छठ व्रती दिन भर निर्जला व्रत करने के बाद शाम में साफ सफाई के साथ बनाई गई शुद्ध रोटी, गुड़ की खीर और फल खाती हैं. खरना के बाद से व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाता है. फिर उसके अगले दिन शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है तथा अंतिम दिन सुबह में उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ पर्व की समाप्ति हो जाती है. उगते सूर्य को अर्घ्य दिए जाने के बाद लोगों को प्रसाद खाने के लिए दिया जाता है. छठ पर्व के प्रसाद के रूप में ठकुआ और विभिन्न फल काफी प्रचलित है.

सूर्यास्त और सूर्योदय का समय

रविवार को महापर्व छठ के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. जानकारी के अनुसार रविवार को शाम में बिहार के विभिन्न जिलों में अलग अलग समय में सूर्यास्त होगा और इस दौरान ही अर्ध्य दिया जाएगा. मौसम विभाग के अनुसार सबसे पहले किशनगंज में 4:50 बजे सूर्यास्त होगा. इसके बाद अररिया, कटिहार, पूर्णिया में 4:52 बजे, भागलपुर, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल में 4:55 बजे, बांका में 4:56 बजे, खगड़िया, मधुबनी, मुंगेर में 4:57 बजे, दरभंगा और बेगूसराय में 4:58 बजे, जमुई, लखीसराय, सीतामढ़ी, समस्तीपुर में 4:59 बजे, मुजफ्फरपुर, शिवहर, शेखपुरा में 5 बजे, नवादा, नालंदा, पूर्वी चंपारण और वैशाली में 05:01 बजे, पटना और पश्चिम चंपारण में 05:02 बजे, गोपालगंज, जहानाबाद, सारण में 05:03 बजे, अरवल, गया, भोजपुर और सिवान में 05:04 बजे, औरंगाबाद, बक्सर में 05:06 बजे, रोहतास में 05:07 बजे तथा कैमूर में 05:09 बजे सूर्यास्त होगा. सोमवार को चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ पर्व का समापन हो जाएगा. सोमवार की सुबह 05:57 बजे से सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा.

Image

छठ के दौरान कैसा रहेगा मौसम

महापर्व छठ के दौरान बिहार में सभी 38 जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. कहीं भी बारिश या खराब मौसम की आशंका नहीं है. मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया है. लेकिन शुक्रवार सुबह बिहार के अधिकांश जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने के लिए मिला. लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा और अच्छी धूप खिलेगी. शाम होते ही तापमान में गिरावट महसूस होगी. अगले 3 से 4 दिनों तक बिहार के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. अगले 48 घंटे तक सुबह के समय कोहरे का असर बना रह सकता है. छठ महापर्व के दौरान मौसम श्रद्धालुओं का साथ देने वाला है.