बिहार में सिर्फ हिंदू ही नहीं मुस्लिम परिवार भी करता है छठ पर्व, सास ने शुरू की अब बहू भी करने लगी व्रत
महापर्व छठ अब राज्य के बाहर देश समेत विदेश में भी काफी प्रचलित है. बिहार के गोपालगंज में एक मुस्लिम परिवार भी छठ पर्व मनाता है. मन्नत पूरी होने के बाद सास बहू साथ में व्रत करती हैं
गोपालगंज: एक ऐसा पर्व जो बिहार और सनातन धर्म की जिसे अस्मिता से जोड़ कर देखा जाता है. बीते कुछ वर्षों में यह पर्व बिहार के साथ ही दूसरे राज्यों में भी धूमधाम से मनाया जाने लगा है. छठ पर्व के अवसर पर हिंदू परिवारों में काफी उत्साह और चहल पहल तो देखा ही जाता है लेकिन बिहार में छठ मुस्लिम परिवार भी मनाती है. ऐसी ही एक परिवार है गोपालगंज में जहां एक महिला पिछले कई वर्षों से छठ पूजा करती आ रही है. 70 वर्षीया मुस्लिम महिला के बाद अब इस परंपरा को उनकी बहू भी आगे बढ़ाने के लिए आगे आई है.
सास बहू दोनों की पूरी हुई मन्नत
गोपालगंज के डोमनपुर पंचायत के बेरौना गांव की 70 वर्षीया सैदा खातून अपनी एक मन्नत पूरी होने के बाद आस्था के साथ छठ व्रत करना शुरू किया था और लगभग 45 वर्षों से लगातार कर रही हैं. अब उनकी उम्र अधिक होने के बाद उनकी बहू आबरून नेशा ने इस व्रत को करने का फैसला लिया है. सास बहू ने बताया कि सैदा खातून की सात बेटियां थी और उसने मन्नत मांगी कि बेटा होने पर वह छठ व्रत करेंगी. सात बेटी के बाद जब उनके घर बेटे ने जन्म लिया तब से ही वह छठ पर्व कर रही हैं. इसके साथ ही उनकी बहू आबरून की भी चार बेटियां ही थी. सास की सलाह पर उन्होंने भी यह व्रत शुरू किया और उन्हें भी पुत्र की प्राप्ति हुई.
मन्नत पूरी होने से बढ़ी आस्था, ग्रामीण भी साथ करते हैं पूजा
सास बहू की मन्नत पूरी होने के बाद उनकी आस्था इस पर्व में बढ़ गई और अब दोनों सास बहू छठ महापर्व पर कठिन व्रत करती हैं. सास बहू ने बताया कि दोनों मिल कर छठ करती हैं. इस दौरान वह पर्व की शुद्धता और पूजा के सभी नियमों का भी पालन करती हैं. गांव में मुस्लिम परिवार के द्वारा छठ व्रत किए जाने से ग्रामीण भी काफी खुश हैं. ग्रामीणों ने कहा कि यह उनकी आस्था का संदेश देती है. गांव में सास-बहू की यह आस्था केवल एक परिवार की धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की भी मिसाल बन गई है.