पूर्णिया में ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहा था स्मैक तस्करी, पार्लर संचालिका के साथ दो गिरफ़्तार
पूर्णिया में ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे स्मैक तस्करी के नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई में पार्लर संचालिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने स्मैक, 74,800 रुपये नकद, बाइक और मोबाइल बरामद किए हैं.
पूर्णिया(PURNIYA):पूर्णिया में फल-फूल रहे मादक पदार्थों के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और अनूठी कार्रवाई की है. पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे स्मैक तस्करी के सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है. इस विशेष अभियान में पुलिस ने पार्लर संचालिका समेत दो तस्करों को दबोच लिया है.मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ अभिनव पराशर ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 22 अगस्त को सदर और के. हाट थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया था.
ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहा था स्मैक तस्करी
इसी दौरान सूचना मिली कि के. हाट थाना क्षेत्र के जनता चौक स्थित ध्रुव उद्यान के पास संचालित राधा ब्यूटी पार्लर की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है. सूचना पर के. हाट और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से ब्यूटी पार्लर में छापेमारी की. वहां से पुलिस ने भारी मात्रा में स्मैक, 74,800 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद करते हुए पार्लर संचालिका को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
पढ़े मामले पर SDPO ने क्या कहा
एसडीपीओ ने आगे बताया कि इसी अभियान की कड़ी में सदर थाना पुलिस ने खुश्कीबाग स्थित अब्दुलनगर (वार्ड संख्या 42) में भी दबिश दी. वहां से पुलिस ने एक अन्य आरोपी महिला और स्मैक तस्कर प्रमोद कुमार (31 वर्ष, पिता- शिव कुमार दास) को गिरफ्तार किया. उनके पास से भी स्मैक की खेप बरामद की गई. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के दौरान इस रैकेट के मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों के महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. पुलिस ने सभी बरामद सामान को जब्त कर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. एसडीपीओ ने साफ किया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी कड़ाई से जारी रहेगा.